टी20 वर्ल्ड कप: विश्व चैंपियन भारतीय टीम पर पैसों की बारिश, जानें उपविजेता और अन्य टीमों को कितने पैसे मिले?
अहमदाबाद, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता।
भारतीय टीम का यह लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी20 विश्व कप खिताब है। टीम इंडिया तीन टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। अपने घर में टी20 विश्व कप जीतने वाली भी भारतीय टीम पहली टीम बनी है। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद आईसीसी की तरफ से भारतीय टीम पर पैसों की बारिश हुई है।
भारतीय टीम को विश्व चैंपियन बनने पर आईसीसी की तरफ से इनामी राशि के रूप में 3 मिलियन डॉलर मिले हैं। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 27.48 करोड़ है।
उपविजेता न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 14.65 करोड़ रुपये) मिले।
सेमीफाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुईं दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में से प्रत्येक को 790,000 डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) मिले।
सुपर-8 तक पहुंची टीमों को 380,000 डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) मिले।
ग्रुप स्टेज से बाहर हुई टीमों के लिए 250,000 डॉलर (लगभग 2.29 करोड़ रुपये) की राशि सुनिश्चित की गई थी।
आईसीसी ने इस पूरे टूर्नामेंट के लिए कुल 120 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया था।
फाइनल मुकाबले पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। संजू सैमसन के 46 गेंदों पर 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से बनाए 89 रन, अभिषेक शर्मा के 21 गेंदों पर 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से बनाए 52 रन, ईशान किशन के 25 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से बनाए 54 रन और शिवम दुबे के 8 गेंदों पर 2 छ्क्कों और 3 चौकों की मदद से बनाए 26 रन की मदद से भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 255 रन बनाए थे।
256 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों पर 52 और मिचेल सेंटनर ने 35 गेंद पर 43 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने 17 रन बनाए, बाकी बल्लेबाज दो अंकों में नहीं जा सके।
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4, अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
फाइनल में 89 रन के अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन बनाने वाले संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
--आईएएनएस
पीएके

