टी20 वर्ल्ड कप: वरुण चक्रवर्ती का ‘मिस्ट्री स्पिन’ इंग्लैंड के लिए बड़ा खतरा, 5 मैचों में चटकाए हैं इतने विकेट
मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 का सेमीफाइनल खेलना है। टूर्नामेंट में विपक्षी स्पिन गेंदबाजों से परेशान रही भारतीय टीम की परेशानी अपने स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की वजह से बढ़ गई है। हालांकि वरुण का इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है।
वरुण चक्रवर्ती विश्व कप सुपर-8 के तीनों मैचों में महंगे साबित हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मैचों में वरुण ने 12 ओवर में 122 रन लुटाए और सिर्फ 3 विकेट लिए। वरुण मौजूदा समय में भारतीय स्पिन गेंदबाजी का ट्रंप कार्ड हैं। ऐसे में उनका प्रभावहीन होना सेमीफाइनल से पहले चिंता का विषय है। हालांकि भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल की राय इसके उलट है।
मोर्ने मोर्केल ने वरुण पर पूरा विश्वास जताते हुए कहा, "चक्रवर्ती में हर गेंद पर विकेट लेने की क्षमता है और वह किसी भी मैच का रुख बदल सकते हैं। उनकी मेहनत भी इसी भरोसे को मजबूत करती है—वह अक्सर अभ्यास सत्र में सबसे पहले पहुंचते हैं और लंबे समय तक नेट्स में गेंदबाजी करते हैं।"
उन्होंने कहा, "वरुण चक्रवर्ती का स्वभाव भी उन्हें खास बनाता है। वह न तो सफलता में ज्यादा जश्न मनाते हैं और न ही खराब प्रदर्शन पर खुद को कोसते हैं। बल्कि, वह खुद के सबसे बड़े आलोचक हैं और लगातार बेहतर बनने की कोशिश करते रहते हैं। टीम को जीत दिलाने के लिए उन्हें सिर्फ एक शानदार ओवर की जरूरत है।"
सुपर-8 में अपनी प्रतिष्ठा के अनरुप गेंदबाजी न कर पाने के बावजूद वरुण इस विश्व कप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह 7 मैचों में 12 विकेट ले चुके हैं। 7 रन देकर 3 विकेट उनका श्रेष्ठ स्कोर है।
सेमीफाइनल में वरुण का प्लेइंग इलेवन में होना लगभग तय है। वरुण सेमीफाइनल में बेहद अहम हो सकते हैं। दाएं हाथ का यह रहस्यमयी लेग स्पिनर इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों में 14 विकेट ले चुका है। 24 रन देकर 5 विकेट उनका श्रेष्ठ प्रदर्शन है।
--आईएएनएस
पीएके

