टी20 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में आदिल रशीद का निराशाजनक प्रदर्शन, नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड
मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। वानखेड़े के मैदान पर इंग्लिश स्पिन गेंदबाज आदिल रशीद के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। रशीद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 से ज्यादा छक्के खाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।
सेमीफाइनल मुकाबले में आदिल रशीद का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। 4 ओवर के स्पेल में रशीद ने 41 रन खर्च किए और 2 विकेट चटकाए। उन्होंने ईशान किशन और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का विकेट झटका। रशीद काफी मंहगे साबित हुए और उन्होंने 10.20 की इकोनॉमी से रन दिए।
हालांकि, भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में 2 विकेट लेने के साथ ही आदिल रशीद टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने राशिद खान को पीछे छोड़ दिया है। रशीद के नाम अब टी20 विश्व कप में 44 विकेट हो गए हैं। वहीं, राशिद खान ने 43 विकेट चटकाए हैं।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 253 रन बनाए। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर अपने बल्लेबाजी से निराश किया और वह 7 गेंदों का सामना करने के बाद 9 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद ईशान किशन और संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रनों की अहम साजेदारी निभाई। ईशान ने महज 18 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 39 रनों की दमदार पारी खेली।
वहीं, वेस्टइंडीज के बाद सेमीफाइनल मुकाबले में भी संजू सैमसन बेहतरीन लय में दिखाई दिए। संजू ने सिर्फ 42 गेंदों का सामना करते हुए 89 रनों की धमाकेदार पारी खेली। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 211 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 7 छक्के लगाए। हालांकि, संजू अपना शतक पूरा नहीं कर सके और विल जैक्स की गेंद पर फिल साल्ट को कैच देकर पवेलियन लौटे।
कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 6 गेंदों में 11 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बने। शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 43 रनों की दमदार पारी खेली। तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 21 रन बनाए और वह जोफ्रा आर्चर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन बनाए और वह रनआउट हुए।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

