जैकब बेथेल ने लगाया टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की तरफ से सबसे तेज शतक, क्रिस गेल का तोड़ा रिकॉर्ड
मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को भारतीय टीम के खिलाफ 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े के मैदान पर भारत से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट गंवाकर 246 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की तरफ से जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 105 रनों की धमाकेदार पारी खेली। बेथेल ने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की तरफ से सबसे तेज शतक लगाया।
जैकब बेथेल ने सेमीफाइनल मैच में सिर्फ 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से शतक लगाने वाले महज दूसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले इसी विश्व कप में इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने 50 गेंदों में शतक लगाया था। वहीं, बेथेल ने टी20 विश्व कप के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। बेथेल ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। गेल ने टी20 विश्व कप 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक फिन एलन ने लगाया है। एलन ने इसी विश्व कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में महज 33 गेंदों में शतक लगाया था। जैकब बेथेल ने टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया। बेथेल ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन उन्हें बाकी इंग्लिश बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। बेथेल के अलावा इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने 35 रनों का योगदान दिया, जबकि जोस बटलर ने 25 रन बनाए।
इससे पहले भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 253 रन लगाए। संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रनों की आतिशी पारी खेली। शिवम दुबे ने भी ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 25 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 और तिलक वर्मा ने 21 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड के साथ 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगी।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

