टी20 वर्ल्ड कप: बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया रिंकू सिंह टीम इंडिया से कब जुड़ेंगे?
चेन्नई, 25 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 का अपना दूसरा मुकाबला गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेलना है। यह मुकाबला बेहद अहम है और सुपर-8 में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को इस मैच में जीत बेहद जरूरी है। मैच से पहले टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रिंकू सिंह की उपलब्धता पर बड़ा बयान दिया है।
सितांशु कोटक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि रिंकू बुधवार शाम तक टीम से जुड़ जाएंगे।
रिंकू सिंह के पिता कैंसर से जूझ रहे हैं और नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को खबर आई थी कि रिंकू अपने पिता की देखभाल के लिए टीम छोड़कर अस्पताल पहुंचे थे।
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को भारतीय टीम का बेहतरीन फिनिशर माना जाता है। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 में अब तक उनका बल्ला शांत रहा है। वह बड़ी और प्रभावी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं। रिंकू के टीम में जगह पर भी सवाल उठे हैं। ऐसे में अगर रिंकू जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ उपलब्ध होते हैं, तो उन्हें अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।
अभिषेक शर्मा के खराब प्रदर्शन पर किए गए सवाल पर सितांशु कोटक ने कहा, "बीमारी के बाद जब से अभिषेक ने वापसी की है, तब से वह अपनी लय को हासिल नहीं कर सके हैं, लेकिन वह पुराने फॉर्म को पाने से अधिक दूर नहीं हैं। हमें सिर्फ एक खिलाड़ी पर अधिक फोकस नहीं करना चाहिए। हमें उससे अब आगे बढ़ना होगा।"
अभिषेक शर्मा को भी मौका मिलने की स्थिति में सुपर-8 के अगले दो मैचों में अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप प्रदर्शन करना होगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच हारने के बाद भारतीय टीम के लिए टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। टीम इंडिया को किसी भी स्थिति में सेमीफाइनल में जाने के लिए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अगले दो मैच जीतने होंगे।
--आईएएनएस
पीएके

