टी20 वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया पर ओमान की जीत का दावा फुस्स, 62 गेंद पहले 9 विकेट से हारी
कैंडी, 20 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप के अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 62 गेंद पहले 9 विकेट से हरा दिया। 105 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 9.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में 105 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मिशेल मार्श और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 93 रन की साझेदारी की। हेड 19 गेंद पर 6 चौकों की मदद से 32 रन की पारी खेल शकील अहमद की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर जोश इंग्लिस ने 6 गेंदों पर 2 चौके लगाते हुए नाबाद 12 रन बनाए।
कप्तान मिशेल मार्श ने अर्धशतक लगाया। मार्श 33 गेंदों पर 4 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया ने 9.4 ओवर में 1 विकेट पर 108 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीता।
इससे पहले ओमान की टीम टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के सामने बिखर गई। शून्य के स्कोर पर पहला विकेट खोने वाली ओमान ने लगातार विकेट खोए और पूरी टीम 16.2 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।
ओमान के लिए वसीम अली शीर्ष स्कोरर रहे। वसीम ने 33 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 32 रन की पारी खेली। इसके अलावा, कप्तान जतिंदर सिंह ने 17, हम्माद मिर्जा ने 16 और करण सोनावाले ने 12 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दो अंक में प्रवेश नहीं कर पाया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जांपा एक बार फिर श्रेष्ठ गेंदबाज बनकर उभरे। दाएं हाथ के इस स्पिनर ने 3.2 ओवरों में 21 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा बल्ले से पूरे टूर्नामेंट में प्रभावहीन रहे ग्लेन मैक्सवेल ने 3 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट लिए। जेवियर बार्टलेट ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए। मार्कस स्टॉयनिस और नाथन एलिस ने 1-1 विकेट लिए।
एडम जांपा प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
ऑस्ट्रेलिया के लिए यह जीत विश्व कप में उसके सफर की समाप्ति के साथ आई है। 2021 की चैंपियन टीम ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हारकर सुपर-8 से बाहर हो चुकी है।
ओमान का विश्व कप में प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम अपने सभी 4 मैच हारी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले ओमान के कप्तान ने जीत का दावा किया था, जो संभावना के मुताबिक गलत साबित हुआ।
इस मैच के साथ ही टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप स्टेज समाप्त हो गया। 21 फरवरी से सुपर-8 के मैच खेले जाएंगे।
--आईएएनएस
पीएके

