टी20 वर्ल्ड कप अभियान खत्म, मगर घर वापसी में कैरेबियन खिलाड़ियों को देरी
नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में हार के बाद वेस्टइंडीज के अभियान का अंत भी हो गया, लेकिन खिलाड़ी अभी तक भारत में ही हैं, क्योंकि अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
विंडीज क्रिकेट (सीडब्ल्यूआई) ने कहा कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और जैसे ही यात्रा की पक्की व्यवस्थाएं पूरी होंगी, बोर्ड आगे अपडेट देगा।
सीडब्ल्यूआई ने एक बयान में कहा, "सीडब्ल्यूआई टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए जल्द से जल्द सुरक्षित यात्रा की व्यवस्था करने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी), संबंधित सरकारी अधिकारियों और एयरलाइन पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रहा है। हमारे खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों की सुरक्षा और भलाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।"
इसके अलावा, एक सफल आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के बाद जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम की भारत से घर वापसी में भी मिडिल ईस्ट में संकट के कारण हवाई यात्रा में रुकावटों की वजह से देरी हुई है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने कहा कि वह आईसीसी के दूसरे यात्रा इंतजामों को सुनिश्चित करने के लिए अपने इमरजेंसी उपायों पर काम करने का इंतजार कर रहा है।
वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चारों ग्रुप स्टेज मैच जीते। इस टीम ने स्कॉटलैंड को 35 रन से मात देने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ 30 रन से मुकाबला जीता। इसके बाद वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से रौंदा और इटली के विरुद्ध 42 रन से जीत के साथ ग्रुप स्टेज का अंत किया।
वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध 107 रन से दमदार जीत के साथ शानदार अंदाज में सुपर-8 अभियान का आगाज किया, लेकिन अगले दो मुकाबले में उसे शिकस्त झेलनी पड़ी। इस टीम को साउथ अफ्रीका ने 9 विकेट से धूल चटाई, जिसके बाद भारत ने 5 विकेट से मैच जीतकर कैरेबियन टीम को खिताबी रेस से बाहर कर दिया।
--आईएएनएस
आरएसजी

