टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डालने वाले 5 गेंदबाज
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले गए इस विश्व कप में बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाज भी छाप छोड़ने में सफल रहे। आइए आपको उन 5 गेंदबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डालीं।
जोफ्रा आर्चर: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर टी20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें फेंकने वाले गेंदबाज रहे। आर्चर ने टूर्नामेंट में कुल 30 ओवर डाले, और उन्होंने 86 डॉट गेंदें फेंकीं। आर्चर ने 8 मुकाबलों में कुल 11 विकेट अपने नाम किए, लेकिन उनको इकोनॉमी 9.53 का रहा।
अर्शदीप सिंह: भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने प्रदर्शन से कोई खास कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डालने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे। अर्शदीप ने इस विश्व कप में कुल 77 डॉट बॉल डालीं। अर्शदीप ने 8 मुकाबलों में कुल 9 विकेट निकाले और उनका इकोनॉमी 8.46 का रहा।
जसप्रीत बुमराह: भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले जसप्रीत बुमराह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डालने वाले तीसरे गेंदबाज रहे। बुमराह ने टी20 विश्व कप में 76 डॉट बॉल डालीं। बुमराह इस मेगा इवेंट में संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे। बुमराह ने 8 मुकाबलों में कुल 14 विकेट निकाले।
मैट हेनरी: न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें फेंकने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर रहे। हेनरी ने 8 मुकाबलों में कुल 76 डॉट गेंदें डालीं और टूर्नामेंट में उनका इकोनॉमी 8.25 का रहा। हेनरी ने 9 मैच में कुल 10 विकेट चटकाए।
आदिल रशीद: इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाज आदिल रशीद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सर्वाधिक डॉट गेंदें डालने वाले पांचवें गेंदबाज रहे। रशीद टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट बॉल डालने वाले टॉप-5 गेंदबाजों में इकलौते स्पिनर रहे। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 75 डॉट गेंदें फेंकी। इंग्लिश स्पिनर ने इस विश्व कप में खेले 8 मुकाबलों में 13 विकेट चटकाए।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

