Samachar Nama
×

टी20 सीरीज: जिम्बाब्वे को 8 विकेट से रौंदकर वेस्टइंडीज ने हासिल की 2-0 से अजेय बढ़त

हरारे, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज की महिला टीम ने सोमवार को ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

हरारे, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज की महिला टीम ने सोमवार को ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

जिम्बाब्वे को वनडे सीरीज में 2-1 से मात देने के बाद वेस्टइंडीज ने टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 8 विकेट से जीता था। अब टी20 सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 7 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाना है।

हरारे में सोमवार को खेले गए दूसरे टी20 मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 7 विकेट खोकर 106 रन बनाए। केलिस न्धलोवु ने बेलोवेड बीजा के साथ पहले विकेट के लिए 50 गेंदों में 46 रन की साझेदारी की। न्धलोवु 28 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 25 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद बीजा ने चिपो मुगेरी-तिरिपानो के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 रन जुटाकर टीम को 78 के स्कोर तक पहुंचाया।

13वें ओवर की तीसरी गेंद पर बीजा (35) अपना विकेट गंवा बैठीं, जिसके बाद अगली गेंद पर क्रिस्टीन मुटासा (0) भी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद विकेटों का पतझड़ जारी रहा और टीम किसी तरह 100 के पार पहुंची। चिपो ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन जिम्बाब्वे के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से जहजारा क्लैक्सटन ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि एफी फ्लेचर और स्टेफनी टेलर को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने महज 9.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। एबोनी ब्रेथवेट और जहजारा क्लैक्सटन की सलामी जोडी ने 18 गेंदों में 27 रन जोड़े। क्लैक्सटन 4 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद ब्रेथवेट ने रियालियाना ग्रिमंड के साथ दूसरे विकेट के लिए 17 गेंदों में 42 रन जुटाए।

ब्रेथवेट 23 गेंदों में 6 छक्कों और 3 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुईं। यहां से ग्रिमंड (नाबाद 23) ने स्टेफनी टेलर (नाबाद 9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से कुडजई चिगोरा और क्रिस्टीन मुतासा ने 1-1 विकेट चटकाया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story