Samachar Nama
×

सूर्यकुमार यादव ने की वानिंदु हसरंगा की बराबरी, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब

तिरुवनंतपुरम, 1 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए साल 2026 की शुरुआत दमदार रही है। बीते साल रनों के लिए जूझते दिखे सूर्यकुमार यादव विश्व कप से ठीक पहले फॉर्म में आ चुके हैं। फॉर्म में आते ही सूर्यकुमार रन मशीन विराट कोहली का एक रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच गए हैं।

साल 2025 की 22 पारियों में एक भी अर्धशतक लगाने में असफल रहे सूर्यकुमार यादव ने 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज की दमदार शुरुआत की और पहले मैच में 22 गेंद पर 32 रन बनाए। इसके बाद दूसरे टी20 में 37 गेंद पर 82, तीसरे टी20 में 26 गेंद पर 57, चौथे टी20 में 8 गेंद पर 8, और पांचवें टी20 में 30 गेंद पर 63 रन की पारी खेली। कुल 5 मैचों में 3 अर्धशतकों की मदद से उन्होंने 242 रन बनाए।

भारत ने 5 टी20 मैचों की सीरीज 4-1 से जीती। सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में सूर्यकुमार यादव ने छठी बार प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता है। अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वाधिक प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीतने के मामले में सूर्यकुमार यादव श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीतने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। विराट ने 7 बार ये उपलब्धि हासिल की है। फॉर्म में वापसी करने वाले सूर्यकुमार यादव जल्द ही विराट को पीछे छोड़ सकते हैं।

सूर्यकुमार यादव ने तिरुवनंतपुरम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए आखिरी टी20 में अपने 3,000 रन भी पूरे किए। 104 टी20 मैचों की 98 पारियों में उनके 3,030 रन हो चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 24 अर्धशतक निकले हैं।

पांचवें टी20 की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के 103, सूर्यकुमार यादव के 63, और हार्दिक पांड्या के 42 रनों की मदद से 5 विकेट पर 271 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड फिन एलेन की 80 रन की पारी के बावजूद 19.4 ओवर में 225 रन पर सिमट गई और 46 रन से मैच गंवा बैठी।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags