Samachar Nama
×

सेमीफाइनल में पहुंचकर जादुमणि ने किया भारत का एक और मेडल पक्का, बोले- गोल्ड जीतना लक्ष्य

ग्लासगो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी है। जादुमणि सिंह ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ ही भारत के लिए एक और मेडल पक्का कर दिया है। जादुमणि का कहना है कि उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतकर जाना है।

ग्लासगो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी है। जादुमणि सिंह ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ ही भारत के लिए एक और मेडल पक्का कर दिया है। जादुमणि का कहना है कि उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतकर जाना है।

जादुमणि ने 55 किलोग्राम वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जाम्बिया के म्वेंगो म्वाले को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया। उन्होंने एक के बाद एक पंच लगाए और विपक्षी मुक्केबाज को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ ही उन्होंने सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने के साथ-साथ कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है।

क्वार्टर फाइनल में मिली जीत पर जादुमणि ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत करते हुए कहा, "यह मेरा पहला कॉमनवेल्थ गेम्स है और मेडल जीतकर मैं बहुत खुश हूं। मेरा प्रतिद्वंद्वी एक मजबूत मुक्केबाज था, जिसमें अच्छी ताकत थी और वह जोरदार मुक्के मारता है; इसलिए मैंने पूरे दिन उसके वीडियो देखे और यह समझा कि मुझे मुकाबले में कैसे खेलना चाहिए। मैंने अपने कोचों के साथ मिलकर बात की थी कि हमें इस मुक्केबाज के खिलाफ कैसे खेलना है। हमने जो विश्लेषण किया था वो इस मुकाबले में सफल भी रहा।"

जादुमणि ने आगे कहा, "मैं जब भारत से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हिस्सा लेने आया था, तभी मैंने सोचा था कि इस बार सिर्फ मेडल नहीं, बल्कि गोल्ड मेडल लेकर जाऊंगा। मैं अपने इस मेडल को मेरे अंकल, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), भारत और अपने कोचों को समर्पित करूंगा।"

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के छठे दिन मुक्केबाजी में भारत ने तीन मेडल पक्के हुए। जादुमणि के साथ-साथ प्रीति पवार और प्रिया घंघास ने भी सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर दिया है। प्रीति ने आयरलैंड की मुक्केबाज निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया, जबकि प्रिया ने स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से मात दी।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags