सहवाग के बेटे आर्यवीर की टीम इंडिया में एंट्री, वीडियो में जाने अंडर-19 वनडे टीम में मिली जगह; द्रविड़ के बेटे अन्वय भी साथ
पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। सीरीज के तीनों मुकाबले सितंबर में राजकोट में खेले जाएंगे। इस चयन के साथ आर्यवीर के क्रिकेट करियर में एक अहम पड़ाव जुड़ गया है।
आर्यवीर के साथ पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी अंडर-19 वनडे टीम में शामिल किया गया है। अन्वय विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में पहली बार क्रिकेट जगत के दो बड़े भारतीय सितारों वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे एक ही भारतीय टीम की जर्सी में नजर आ सकते हैं।
आर्यवीर दाएं हाथ के बल्लेबाज
आर्यवीर सहवाग दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित कर रहे हैं। फिलहाल वह दिल्ली प्रीमियर लीग के 2026 सीजन में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से खेल रहे हैं।आर्यवीर इससे पहले भी अपनी बड़ी पारियों के कारण सुर्खियां बटोर चुके हैं। 2024 की कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने मेघालय के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 297 रन की बड़ी पारी खेली थी। उनकी इस पारी ने उन्हें युवा क्रिकेटरों के बीच अलग पहचान दिलाई थी।अब अंडर-19 भारतीय टीम में चयन के बाद उनके सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका होगा। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ वनडे सीरीज उनके लिए बड़ा अनुभव साबित हो सकती है।
अन्वय द्रविड़ भी टीम का हिस्सा
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी भारत की अंडर-19 वनडे टीम में जगह दी गई है। अन्वय विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभाते हैं। उनके चयन के साथ ही क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस सीरीज पर और बढ़ गई हैं।राहुल द्रविड़ भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं और भारतीय टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वहीं वीरेंद्र सहवाग अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए दुनिया भर में पहचान बना चुके हैं। अब दोनों दिग्गजों के बेटों को एक ही भारतीय अंडर-19 वनडे टीम में शामिल किया जाना चर्चा का विषय बन गया है।
मल्टी-डे टीम में नहीं मिली जगह
हालांकि, आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ दोनों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले दो मल्टी-डे मुकाबलों की टीम में जगह नहीं मिली है। दोनों खिलाड़ियों का चयन फिलहाल तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए किया गया है।तीनों वनडे मुकाबले सितंबर में राजकोट में खेले जाएंगे। यह सीरीज युवा भारतीय खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य के लिए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने का बड़ा मौका होगी।
आर्यवीर के लिए यह चयन इसलिए भी खास है क्योंकि वह अब तक घरेलू स्तर पर अपने प्रदर्शन के जरिए पहचान बना रहे थे। कूच बिहार ट्रॉफी में 297 रन की पारी और दिल्ली प्रीमियर लीग में लगातार क्रिकेट खेलने के बाद उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है। अब सभी की नजरें राजकोट में होने वाली ऑस्ट्रेलिया सीरीज में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।

