Samachar Nama
×

सान्या वत्स चेन्नई स्क्वैश पीएसए चैलेंजर के सेमीफाइनल से बाहर

चेन्नई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। चौथी वरीयता प्राप्त सान्या वत्स को एचसीएल स्क्वैश पीएसए चैलेंजर टूर-चेन्नई के सेमीफाइनल में मिस्र की रौकाया ओथमैन के हाथों 4-11, 2-11, 5-11 से हार का सामना करना पड़ा।

चेन्नई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। चौथी वरीयता प्राप्त सान्या वत्स को एचसीएल स्क्वैश पीएसए चैलेंजर टूर-चेन्नई के सेमीफाइनल में मिस्र की रौकाया ओथमैन के हाथों 4-11, 2-11, 5-11 से हार का सामना करना पड़ा।

मंगलवार को तमिलनाडु की राजधानी में स्थित इंडियन स्क्वैश एकेडमी में सान्या वत्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी थीं। चौथी वरीयता प्राप्त सान्या महिला क्वार्टर फाइनल में हमवतन आठवीं वरीयता प्राप्त उन्नति त्रिपाठी को चार गेम में हराकर इस दौर तक पहुंची थीं।

इससे पहले, रविवार को इंडियन स्क्वैश एकेडमी में खेले जा रहे टूर्नामेंट के पुरुष प्री-क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी सूरज चंद ने वापसी करते हुए कुवैत के अम्मार अल्तामिमी को 6-11, 11-5, 11-5, 11-6 से हराया था, लेकिन अगले दौर में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

पुरुष वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त ओम सेमवाल और महिला वर्ग में तीसरी वरीयता प्राप्त राधिका सीलन, आठवीं वरीयता प्राप्त उन्नति त्रिपाठी और पूजा आरती रघु अन्य भारतीय खिलाड़ी थे जो क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे।

शनिवार को एचसीएल स्क्वैश पीएसए चैलेंजर टूर-चेन्नई के महिला वर्ग के पहले दौर में अनन्या नारायणन ने जेनेट विधि को चार गेम में हराया था, लेकिन सान्या को छोड़कर बाकी सभी खिलाड़ी अंतिम-आठ के दौर से आगे नहीं बढ़ पाए।

कुछ दिन पहले, मुंबई के जुहू विले पार्ले जिमखाना क्लब में आयोजित एचसीएल-एसआरएफआई पीएसए चैलेंजर टूर्नामेंट के महिला फाइनल में भारत की तन्वी खन्ना ने दो गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए मिस्र की फरीदा वालिद को हराकर एक यादगार जीत हासिल की। तीसरी सीड वाली तन्वी ने 45 मिनट तक चले मैच में दूसरी सीड वाली प्रतिद्वंद्वी को 8-11, 2-11, 12-10, 11-9, 11-7 से हराकर इस साल जनवरी में मिली हार का बदला भी लिया। पुरुषों का खिताब एम. स्याफिक कमाल ने जीता, जिन्होंने (2) यासीन शोहदी (मिस्र) को 3-2 (6-11, 9-11, 11-8, 14-12, 11-8) से हराया।

एचसीएल स्क्वैश पीएसए चैलेंजर टूर-चेन्नई के नतीजे (सेमीफाइनल):

पुरुष:

जोआचिम चुआह (मलेशिया) ने मोहम्मद स्याफिक कमाल (मलेशिया) को 8-11, 10-12, 11-5, 12-10, 12-10 से हराया।

अधम रोशदी (मिस्र) ने सलाह एल्टोरगमैन (कनाडा) को 12-10, 11-5, 11-7 से मात दी।

महिलाएं:

ह्वयॉन्ग उम (कोरिया) ने हाना अलादीन (मिस्र) को 11-9, 9-11, 2-11, 11-4, 11-6 से हराया।

रुकैया ओथमैन (मिस्र) ने सान्या वत्स (भारत) को 11-4, 11-2, 11-5 से शिकस्त दी।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags