रणजी ट्रॉफी: 19 वर्षीय म्हात्रे बने मुंबई के उप-कप्तान, सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में 19 वर्षीय आयुष म्हात्रे को उप-कप्तान नियुक्त किया है। इसके साथ ही 42 बार की चैंपियन टीम ने सीजन के पहले मैच के लिए चुनी गई अपनी 16 सदस्यीय टीम में सूर्यकुमार यादव को स्थान नहीं दिया है। मुंबई 11 अक्टूबर से चंडीगढ़ के खिलाफ अपने नए सीजन की शुरुआत करेगी। यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है।
मुंबई इस साल की प्रतियोगिता में राजस्थान, तमिलनाडु, रेलवे, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के साथ एलीट 'ग्रुप डी' में है। भारत को टी20 वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव ने खुद को चयन के लिए उपलब्ध बताया था, लेकिन इसके बावजूद उनका चयन नहीं हुआ। ऐसा इसलिए था, क्योंकि राजेश पवार की अगुवाई वाली चयन समिति ने रेड-बॉल फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
पवार ने अन्य चयनकर्ताओं के साथ एक घंटे तक बैठक की, जिसमें कप्तान सिद्धेश लाड, मुख्य कोच ओंकार साल्वी और क्रिकेट सलाहकार व पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर भी शामिल हुए।
मुंबई को सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की कमी भी खलेगी। शार्दुल के दाहिने हाथ की बीच की उंगली में ट्रेनिंग के दौरान फ्रैक्चर हो गया था और वे कम से कम शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएंगे। भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल का नाम भी टीम में शामिल किया गया है, जिससे बल्लेबाजी क्रम मजबूत होगा और उन्हें नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए मैच खेलने का अहम मौका मिलेगा।
म्हात्रे आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण लगभग पांच महीने तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहे थे, उस समय वे चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे थे। म्हात्रे और लाड ने हाल ही में बीकेसी इनडोर सुविधा में फिटनेस टेस्ट पास किया और अपनी मैच फिटनेस साबित करने के लिए कांगा लीग में भी खेले। ओपनर दिव्यांश सक्सेना ने भी प्री-सीजन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के दम पर मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में वापसी की है।
मुंबई की टीम: सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष म्हात्रे (उप-कप्तान), दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और ओंकार तरमाले।
--आईएएनएस
आरएसजी

