'रणजी के तेंदुलकर' हैं हार्दिक पंड्या के आइडल, कई फैंस को आंकड़े चौंका देते हैं
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 में भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पूर्व ओपनर वसीम जाफर को अपना आदर्श बताया। एक समय था, जब घरेलू क्रिकेट में वसीम जाफर की तुलना विश्व के महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से होती थी। जाफर ने करीब 24 साल लंबे करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड्स बनाए, जिन्हें तोड़ना बेहद मुश्किल है।
सचिन तेंदुलकर ने फर्स्ट क्लास करियर में 310 मैच खेले, जिसमें 57.84 की औसत के साथ 25,396 रन बनाए। इस दौरान तेंदुलकर के बल्ले से 81 शतक और 116 अर्धशतक निकले। रणजी ट्रॉफी में तेंदुलकर ने 38 मैच खेलते हुए 4,281 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 18 शतक और 19 अर्धशतक हैं।
वहीं, जाफर ने अपने करियर में 260 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसमें 50.67 की औसत के साथ 19,410 रन बनाए। अपने करियर के केवल दूसरे ही प्रथम श्रेणी मैच में जाफर ने मुंबई के खिलाफ 314 रन की नाबाद पारी खेलकर सभी को चौंकाया था। इस खिलाड़ी के नाम रणजी ट्रॉफी में अनूठा रिकॉर्ड है। जाफर ने चार बार 300 या उससे अधिक रन की साझेदारी की है। रणजी क्रिकेट के 'बादशाह' वसीफ जाफर बतौर कप्तान मुंबई और विदर्भ को रणजी खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
जाफर ने 2008-09 और 2009-10 में मुंबई को रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाया था। इसके बाद 2017-18 और 2018-19 के लगातार दो सीजन में विदर्भ को ट्रॉफी जिताई।
रणजी ट्रॉफी में 150 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी जाफर ने इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12,038 रन बनाए हैं। रणजी ट्रॉफी में उनके नाम सर्वाधिक 40 शतक दर्ज हैं। जाफर रणजी ट्रॉफी के साथ-साथ दलीप ट्रॉफी (2,545 रन) और ईरानी ट्रॉफी (1,008 रन) में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
वसीम जाफर ने लिस्ट-ए क्रिकेट में 118 मैच खेले, जिसमें 44.08 की औसत के साथ 4,849 रन बनाए। इस दौरान 178 रन की नाबाद पारी भी खेली।
इस बल्लेबाज ने भारत की ओर से 31 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 58 पारियों में 34.10 की औसत के साथ 1,944 रन बनाए। टेस्ट फॉर्मेट में जाफर ने दो बार 'दोहरा शतक' लगाया। उन्होंने जून 2006 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 212 रन की पारी खेली, जिसके बाद साल 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 202 रन बनाए। तकनीकी रूप से मजबूत खिलाड़ी वसीम जाफर संन्यास के बाद कोचिंग और कमेंट्री से जुड़े हुए हैं।
--आईएएनएस
आरएसजएसजी

