बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष बन सकते है राजीव शुक्ला, लेंगे रोजर बिन्नी की जगह

क्रिकेट न्यूज डेस्क।। राजीव शुक्ला बीसीसीआई के नए अध्यक्ष बनेंगे। वह अगले महीने मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी की जगह लेंगे। राजीव शुक्ला अगले महीने बोर्ड अध्यक्ष के तौर पर रोजर बिन्नी की जगह लेंगे। एएनआई ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया है कि 70 वर्षीय बिन्नी 19 जुलाई को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। दरअसल, इस पद के लिए रोजर बिन्नी की आयु सीमा पूरी होने वाली है। शुक्ला फिलहाल क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं और अगले 3 महीने के लिए अंतरिम अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे।
1983 विश्व कप विजेता टीम के खिलाड़ी रहे रोजर बिन्नी इस साल 19 जुलाई को 70 साल के हो जाएंगे। बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति 70 साल की उम्र के बाद अध्यक्ष पद नहीं संभाल सकता। इस कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ेगा। ऐसे में जब तक अध्यक्ष पद के लिए किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति का चयन नहीं हो जाता, तब तक राजीव शुक्ला बीसीसीआई अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे।
2022 में रोजर बिन्नी बने BCCI अध्यक्ष
बता दें कि 2022 में रोजर बिन्नी को BCCI अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने सौरव गांगुली की जगह ली थी। बिन्नी को भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक माना जाता है। उनके आंकड़ों की बात करें तो बिन्नी ने भारत के लिए 27 टेस्ट और 72 वनडे मैच खेले। दोनों फॉर्मेट को मिलाकर उन्होंने कुल 126 विकेट लिए। 1983 के विश्व कप में भारत की जीत में रोजर बिन्नी ने बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने उस विश्व कप में सबसे ज्यादा 18 विकेट लिए थे।
राजीव शुक्ला फिलहाल BCCI उपाध्यक्ष की भूमिका में हैं
राजीव शुक्ला 2020 से BCCI उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा वे 2017 तक उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (UPCA) के सचिव के पद पर भी काम कर चुके हैं। शुक्ला 2018 तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अध्यक्ष भी रहे। अब वे BCCI अध्यक्ष की भूमिका निभाते नजर आएंगे।