Samachar Nama
×

PSL vs IPL: पाकिस्तान को अब समझ आया IPL से मुकाबले का नुकसान, क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक बेचेंगे अपनी टीम!

PSL vs IPL: पाकिस्तान को अब समझ आया IPL से मुकाबले का नुकसान, क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक बेचेंगे अपनी टीम!

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बीच मुकाबले को लेकर अब पाकिस्तान क्रिकेट में ही सवाल उठने लगे हैं। पिछले दो साल से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपनी टी20 लीग का आयोजन IPL की विंडो यानी मार्च से मई के बीच कर रहा है। माना जा रहा था कि इस फैसले से PSL को IPL के सामने खड़ा करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब पाकिस्तान की एक फ्रेंचाइजी के मालिक ने स्वीकार किया है कि दोनों लीग के बीच आर्थिक स्तर पर बड़ा अंतर है।

क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक नदीम उमर ने साफ कहा है कि पाकिस्तान की लीग इंडियन प्रीमियर लीग के बाजार और कमाई का मुकाबला नहीं कर सकती। उन्होंने यहां तक संकेत दिया कि वह अपनी टीम बेचने के लिए तैयार हैं।

टीम बेचने की तैयारी में क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक

नदीम उमर ने कहा कि अब उन्हें PSL से अलग होने का समय आ गया है। अगर उन्हें अच्छी पेशकश मिलती है और खरीदार उनकी शर्तें पूरी करता है तो वह क्वेटा ग्लैडिएटर्स की फ्रेंचाइजी बेच सकते हैं।

उन्होंने कहा, "लगता है अब PSL से हटने का समय आ गया है। पेशकश अच्छी मिली और जो हमारी शर्तें हैं वो पूरी हुईं तो हम क्वेटा ग्लैडिएटर्स टीम बेचने को तैयार हैं।"

नदीम उमर कराची शहर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भी हैं। उनका मानना है कि PSL की तुलना IPL से करना और उसके साथ सीधा मुकाबला करने की कोशिश करना एक बड़ी भूल थी।

'भारत के बाजार के सामने हमारा बाजार बहुत छोटा'

उमर ने दोनों लीग की आर्थिक स्थिति में अंतर बताते हुए कहा कि पाकिस्तान का बाजार भारत के मुकाबले काफी सीमित है। उनके मुताबिक, IPL में जिस स्तर पर निवेश किया जाता है, वैसा निवेश PSL के लिए जुटाना आसान नहीं है।

उन्होंने कहा, "हम IPL या उनके बाजार का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। भारत की तुलना में हमारा बाजार काफी सीमित है। जैसा IPL में पैसा लगाया जा रहा है, उस हिसाब से हमारे पास प्रायोजक भी नहीं है जो PSL में पैसा लगाए।"

उनके इस बयान से साफ है कि पाकिस्तान की फ्रेंचाइजी के सामने स्पॉन्सरशिप और कमाई बढ़ाने की बड़ी चुनौती है।

टिकट और प्रसारण से IPL की मोटी कमाई

नदीम उमर ने IPL की कमाई के स्रोतों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय लीग को टिकटों की बिक्री, टीमों के सामान और प्रसारण अधिकारों से बड़ी रकम मिलती है। इन माध्यमों से होने वाली कमाई IPL को आर्थिक रूप से काफी मजबूत बनाती है।

उन्होंने अपनी टीम की जर्सी का उदाहरण देते हुए बताया कि क्वेटा ग्लैडिएटर्स की ओरिजिनल जर्सी की कीमत 1,000 पाकिस्तानी रुपये रखी गई थी। लेकिन बाजार में उसकी नकली कॉपी करीब 200 रुपये में मिलने लगती है। इससे आधिकारिक मर्चेंडाइज की बिक्री प्रभावित होती है और फ्रेंचाइजी की कमाई को नुकसान पहुंचता है।

एक बार PSL चैंपियन रह चुकी है क्वेटा ग्लैडिएटर्स

क्वेटा ग्लैडिएटर्स पाकिस्तान सुपर लीग की चर्चित फ्रेंचाइजी में शामिल है। टीम अब तक चार बार PSL के फाइनल में पहुंच चुकी है और एक बार खिताब भी अपने नाम कर चुकी है।

इसके बावजूद टीम के मालिक का लीग के व्यावसायिक मॉडल पर सवाल उठाना पाकिस्तान क्रिकेट के लिए अहम संकेत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नदीम उमर अपनी फ्रेंचाइजी बेचने का फैसला लेते हैं या नहीं और PCB आने वाले सीजन में PSL की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाता है।

Share this story

Tags