पीएसएल: जिसने खेला सिर्फ 1 इंटरनेशनल टी20 मैच, उसे हैदराबाद किंग्समेन ने बनाया कप्तान
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में मार्नस लाबुशेन को हैदराबाद किंग्समेन फ्रेंचाइजी का कप्तान नियुक्त किया गया है। लाबुशेन इस साल पीएसएल टीम के कप्तान बनने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। उनसे पहले कराची किंग्स ने डेविड वॉर्नर और मुल्तान सुल्तांस ने एश्टन टर्नर को अपना कप्तान बनाया था।
लाबुशेन टी20 सर्किट में नियमित खिलाड़ी नहीं हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ 1 ही टी20 मैच खेला है। लाबुशेन मुख्य रूप से टॉप-ऑर्डर के बल्लेबाज हैं, लेकिन ऑफ स्पिन या मीडियम पेस गेंदबाजी भी कर सकते हैं। उन्होंने 59 टी20 मुकाबलों में 40 विकेट निकाले हैं।
दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने बिग बैश लीग में 31 मुकाबले खेले, जिसमें 22.96 की औसत के साथ 643 रन बनाने के साथ 13 विकेट हासिल किए। वहीं, वाइटैलिटी ब्लास्ट में 27 मुकाबले खेलते हुए 32 की औसत के साथ 736 रन बनाए। इस लीग में उन्होंने 27 विकेट भी निकाले हैं।
हैदराबाद किंग्समेन पाकिस्तान सुपर लीग में शामिल होने वाली दो नई टीमों में से एक है। किंग्समेन की टीम में कप्तानी के अनुभव वाले खिलाड़ियों की कमी थी, इसलिए कप्तान के तौर पर किसी एक खिलाड़ी का नाम सबसे आगे नहीं था। ग्लेन मैक्सवेल, कुसल परेरा और सईम अयूब जैसे बड़े नाम भी टीम में शामिल थे, लेकिन लाबुशेन को आखिरकार टीम की कप्तानी सौंपी गई।
लाबुशेन हमवतन जेसन गिलेस्पी के साथ मिलकर काम करेंगे। गिलेस्पी को फ्रेंचाइजी का हेड कोच बनाया गया है। इससे पहले वह टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के हेड कोच रह चुके हैं। ग्रांट ब्रैडबर्न को टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है।
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जिसमें हैदराबाद किंग्समेन का सामना लाहौर कलंदर्स से होगा। इसके बाद किंग्समेन 29 मार्च को क्वेटा ग्लैडिएटर्स के सामने होगी। 1 अप्रैल को इस टीम का सामना मुल्तान सुल्तांस से होगा। इसके बाद 8 अप्रैल को उसके सामने पेशावर जाल्मी होगी। 11 अप्रैल को किंग्समेन की भिड़ंत कराची किंग्स से होगी। इस लीग का फाइनल 3 मई को लाहौर में खेला जाना है।
--आईएएनएस
आरएसजी

