Samachar Nama
×

Prithvi Shaw: योगराज सिंह के बयान पर भड़के पृथ्वी शॉ, इंस्टाग्राम पर दी आखिरी चेतावनी; कानूनी कार्रवाई की कही बात

Prithvi Shaw: योगराज सिंह के बयान पर भड़के पृथ्वी शॉ, इंस्टाग्राम पर दी आखिरी चेतावनी; कानूनी कार्रवाई की कही बात

भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। योगराज सिंह ने एक इंटरव्यू में पृथ्वी शॉ की जीवनशैली की तुलना पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली से की थी। इस टिप्पणी के बाद शॉ ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए चेतावनी दी कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

27 वर्षीय क्रिकेटर ने माना कि उनके अतीत और जीवनशैली को लेकर पहले भी बातें होती रही हैं, लेकिन उन्होंने साफ किया कि वह किसी को भी अपने नाम और निजी जिंदगी का इस्तेमाल नकारात्मकता फैलाने के लिए नहीं करने देंगे।

योगराज सिंह ने क्या कहा था?

एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान योगराज सिंह से पृथ्वी शॉ के करियर में आई गिरावट को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने शॉ की तुलना विनोद कांबली से करते हुए कहा कि पार्टी करना, शराब और सिगरेट पीना तथा गलत संगत में रहना करियर पर बुरा असर डाल सकता है।

योगराज ने यह भी कहा कि जब कोई खिलाड़ी लगातार पार्टियों में जाता है और नशे जैसी आदतों में शामिल होता है तो उसे अपनी संगत पर ध्यान देना चाहिए। उनके इस बयान के सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में चर्चा शुरू हो गई।

पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर दिया जवाब

योगराज सिंह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि उनका अतीत उनके जीवन का हिस्सा है और उन्हें उसे छिपाने या लेकर शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है।

हालांकि, शॉ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर उनके नाम, निजी जिंदगी और पुराने मामलों का इस्तेमाल नकारात्मकता फैलाने के लिए कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इस तरह की टिप्पणियों का मकसद उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना और बेवजह विवाद खड़ा करके लोगों का ध्यान आकर्षित करना है।

'यह मेरी तरफ से आखिरी चेतावनी है'

पृथ्वी शॉ ने अपने बयान में कहा कि किसी व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है, लेकिन किसी को झूठी, भ्रामक, मानहानिकारक या दुर्भावनापूर्ण सामग्री के जरिए निशाना बनाना अलग बात है।

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि यह उनकी तरफ से आखिरी चेतावनी है। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं शॉ

पृथ्वी शॉ फिलहाल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र की ओर से खेल रहे हैं। टूर्नामेंट में अब तक पांच मैचों में उनके नाम 119 रन हैं। मध्य प्रदेश के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी। अब देखना होगा कि इस विवाद पर योगराज सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।

Share this story

Tags