Samachar Nama
×

पहला टेस्ट: तौहीद-लिटन के बीच 206 रन की साझेदारी, बांग्लादेश ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इतिहास रचा

जोहान्सबर्ग, 15 नवंबर (आईएएनएस)। तौहीद हिरदॉय और लिटन दास के बीच 206 रन की साझेदारी की मदद से बांग्लादेश ने द वांडरर्स स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन 6 विकेट खोकर 327 रन बनाए। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेश का टेस्ट इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर भी है। इस दौरान साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अपना 'फाइव विकेट हॉल' भी हासिल किया।

जोहान्सबर्ग, 15 नवंबर (आईएएनएस)। तौहीद हिरदॉय और लिटन दास के बीच 206 रन की साझेदारी की मदद से बांग्लादेश ने द वांडरर्स स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन 6 विकेट खोकर 327 रन बनाए। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेश का टेस्ट इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर भी है। इस दौरान साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अपना 'फाइव विकेट हॉल' भी हासिल किया।

इससे पहले, जुलाई 2015 में बांग्लादेशी टीम ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध चट्टोग्राम में खेले गए टेस्ट मुकाबले में 326 रन बनाए थे। यह टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ पांच बार टेस्ट पारी में 300 रन का आंकड़ा छू सकी है।

रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम को पहली ही गेंद पर महफिजुल इस्लाम (0) के रूप में शुरुआती झटका लगा, जिसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 2 ही रन जुड़े थे कि मोमिनुल हक (0) भी पवेलियन लौट गए।

इस टीम ने 2.2 ओवरों में 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद तंजीद हसन तमीम साथी बल्लेबाज नजमुल हुसैन शान्तो के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 20 रन जुटा सके। इस टीम ने महज 22 के स्कोर तक तीसरा विकेट खो दिया था, जिसके बाद तंजीद ने तौहीद हिरदॉय के साथ चौथे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 121 के स्कोर तक पहुंचाया।

35वें ओवर की पहली गेंद पर तंजीद, कगिसो रबाडा की गेंद पर बोल्ड हुए। तंजीद 108 गेंदों में 12 चौकों के साथ 67 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मुशफिकुर रहीम (0) बल्लेबाजी पर आए, लेकिन अपनी पहली ही गेंद पर साइमन हार्मर को कैच थमा बैठे।

इस टीम ने 121 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था, जिसके बाद तौहीद हिरदॉय ने लिटन दास के साथ छठे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया।

84वें ओवर की अंतिम गेंद पर तौहीद अपना विकेट गंवा बैठे, जिसके साथ स्टंप्स की घोषणा हो गई। यह दाएं हाथ का बल्लेबाज 227 गेंदों में 1 छक्के और 14 चौकों के साथ 137 रन बनाकर आउट हुआ, जबकि लिटन दास 138 गेंदों में 12 चौकों के साथ 92 रन टीम के खाते में जोड़ चुके हैं।

पहले दिन के खेल तक कगिसो रबाडा ने 17 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 51 रन देकर 5 विकेट निकाले, जबकि मार्को जानसेन ने 1 विकेट अपने नाम किया है।

टेंबा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीकी टीम एडेन मार्करम, मार्केस एकरमैन, जुबैर हमजा, मैथ्यू ब्रीत्जके, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, मार्को जानसेन, साइमन हार्मर, कगिसो रबाडा और डेन पीटरसन के साथ यह मैच खेल रही है।

वहीं, बांग्लादेश की प्लेइंग इलेवन में तंजीद हसन तमीम, महफिजुल इस्लाम, मोमिनुल हक, नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), तौहीद हिरदॉय, मुश्फिकुर रहीम, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, हसन महमूद, इबादत हुसैन और तस्कीन अहमद शामिल हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story