Samachar Nama
×

पहला टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ साई-कुशाग्र और तनुश की 'तिकड़ी' ने संभाला, पहले दिन भारतीय टीम-257/5

पुडुचेरी, 22 सितंबर (आईएएनएस)। भारत-ए ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट के पहले मुकाबले के पहले दिन शुरुआती झटकों से उबरकर शानदार वापसी की। क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर जारी मुकाबले के पहले दिन 89 ओवरों का सामना करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 257 रन बना लिए हैं।

पुडुचेरी, 22 सितंबर (आईएएनएस)। भारत-ए ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट के पहले मुकाबले के पहले दिन शुरुआती झटकों से उबरकर शानदार वापसी की। क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर जारी मुकाबले के पहले दिन 89 ओवरों का सामना करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 257 रन बना लिए हैं।

चार दिवसीय मुकाबलों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच 29 सितंबर से खेला जाएगा, जिसके बाद 6, 9 और 11 अक्टूबर को अनाधिकारिक वनडे सीरीज के तीन मैच आयोजित होंगे। सभी मुकाबले क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर खेले जाने हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले दिन के खेल तक 5 विकेट खोकर 257 रन बनाए। टीम ने सिर्फ 12 के स्कोर पर अमन मोखड़े का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 20 के स्कोर तक कप्तान देवदत्त पड्डिकल (3) भी पवेलियन लौट गए।

यहां से साई सुदर्शन ने शेख रशीद के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। रशीद 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इस जोड़ी के टूटने के बाद एक बार फिर विकेटों का पतझड़ लग गया। टीम ने 97 के स्कोर तक यश राठौड़ (1) और साई सुदर्शन का विकेट भी गंवा दिया। सुदर्शन 103 गेंदों में 3 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए।

यहां से तनुश कोटियन ने कुमार कुशाग्र के साथ छठे विकेट के लिए 266 गेंदों में 138 रन जोड़कर टीम को संकट से निकाला। कुशाग्र 10 चौकों के साथ 82 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए, जिसके बाद तनुश ने शम्स मुलानी के साथ 22 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 250 के पार पहुंचा दिया। तनुश कोटियन 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 68 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि मुलानी ने 10 रन जुटा लिए हैं।

ऑस्ट्रेलियाई खेमे से कोरी रोचिचिओली ने 18 ओवरों में 72 रन देकर 3 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि फर्गस ओ'नील और टॉड मर्फी ने 1-1 चटकाया है।

भारत-ए की प्लेइंग इलेवन में अमन मोखड़े, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), शेख रशीद, यश राठौड़, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), तनुश कोटियन, शम्स मुलानी, अंशुल कंबोज, तुषार देशपांडे और प्रफुल्ल हिंगे शामिल हैं।

वहीं, पीटर हैंड्सकॉम्ब की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई खेमा सैम कोंस्टस, कैंपबेल केल्लावे, नाथन मैकस्वीनी, जेसन सांघा, जोश फिलिप (विकेटकीपर), लियाम स्कॉट, फर्गस ओ'नील, टॉड मर्फी, कोरी रोचिचिओली और ब्रेंडन डोगेट के साथ उतरा है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story