पीली जर्सी में यह विदाई शानदार रही: एलिसा हीली
होबार्ट, 1 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को तीसरे वनडे मुकाबले में 185 रनों से हराया। बेलरीव क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया मुकाबला एलिसा हीली के वनडे करियर का आखिरी मैच भी रहा। धमाकेदार जीत के बाद हीली ने कहा कि पीली जर्सी में इससे अच्छी विदाई और कुछ नहीं हो सकती है।
हीली ने मैच के बाद कहा कि अपने वनडे करियर का अंत जीत और यादगार पारी के साथ करना उनके लिए गर्व और खास पल है। उन्होंने कहा कि पिछले कई मैच उनके लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल रहे, लेकिन आज उन्हें बस खेल का आनंद लेने का मौका मिला।
तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया से मिले 410 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 224 रन बनाकर ऑलआउट हुई। एलिसा हीली ने मैच के बाद कहा, "जिस तरह से हमने वनडे सीरीज का अंत किया, उससे मुझे सच में गर्व महसूस हो रहा है। हमें अब वाका जाकर पिंक बॉल से खेलने का इंतजार है।"
हीली ने माना कि इस तरह के खास मुकाबले हमेशा ही उनके लिए भावनात्मक रूप से मुश्किल रहे हैं। उन्होंने कहा, "मुझे बस लगता है कि हम कितना अजीब खेल खेलते हैं कि यह आपको कई बार नीचे गिराता है और फिर आपको आज जैसे मौके भी देता है। मुझे हर माइलस्टोन मैच से नफरत रही है, इसलिए इस मुकाबले में मैदान पर जाकर सिर्फ लुत्फ उठाना चाहती थी। यह मेरे सबसे मजेदार अनुभवों में से एक रहा तो इसके लिए भगवान का शुक्रिया। यह पीले रंग की जर्सी में विदाई लेने का एक अच्छा तरीका है।"
हीली ने अपने वनडे करियर में कुल 126 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 37 की औसत से खेलते हुए 3,777 रन बनाए, जिसमें 8 शतक और 19 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने कहा कि इस टीम के साथ हर बार खेलने का अनुभव बहुत खास रहा।
तीसरे वनडे मुकाबले में एलिसा हीली का बल्ले से प्रदर्शन भी शानदार रहा। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 98 गेंदों में 158 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में हीली ने 27 चौके और 2 छक्के लगाए। हीली के अलावा ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बेथ मूनी ने भी शतक लगाया और उन्होंने 84 गेंदों में 106 रन बनाए।
गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से अलाना किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 33 रन खर्च करते हुए 4 विकेट निकाले। वहीं, जॉर्जिया वेयरहम ने 2 विकेट चटकाए। इससे पहले दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5 विकेट से हराया था। सीरीज का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से अपने नाम किया था।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

