Samachar Nama
×

पाकिस्तान बनाम श्रीलंका: डेब्यूटेंट साकिब ने झटके 7 विकेट, ड्रॉ की ओर पहला टेस्ट मैच

रावलपिंडी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी क्रिकेट ग्राउंड में जारी टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ की ओर है। अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला मैच खेल रहे साकिब खान (130/7) की दमदार गेंदबाजी के बावजूद श्रीलंकाई टीम पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने में कामयाब रही, जिसके बाद पाकिस्तान ने चौथे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं।

रावलपिंडी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी क्रिकेट ग्राउंड में जारी टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ की ओर है। अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला मैच खेल रहे साकिब खान (130/7) की दमदार गेंदबाजी के बावजूद श्रीलंकाई टीम पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने में कामयाब रही, जिसके बाद पाकिस्तान ने चौथे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं।

रावलपिंडी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने अपनी पहली पारी 434/9 के स्कोर पर घोषित की। मेजबान टीम को सलामी जोड़ी के रूप में अजान ओवैस और तैय्यब आरिफ की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी हुई। अजान 7 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद तैय्यब भी पवेलियन लौट गए, जिन्होंने 51 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 57 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान ने 90 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद मोहम्मद ताहा (51) ने कप्तान बाबर आजम (50) के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन, जबकि सऊद शकील के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 227 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

इस टीम ने 253 के स्कोर पर पांचवां विकेट भी खो दिया था, जहां से सऊद शकील (93) ने गाजी गोरी (48) के साथ 96 रन और अराफात मिन्हास (52) के साथ सातवें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से असिथा फर्नांडो और दिलशान मधुशंका ने 3-3 विकेट निकाले।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने पहली पारी में 446 रन बनाकर 12 रन की मामूली बढ़त हासिल की। इस टीम ने 12 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कुसल मेंडिस ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लाहिरू उदारा (42) के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की, जिसके बाद धनंजय डी सिल्वा के साथ चौथे विकेट के लिए 90 रन जोड़े।

कामिंदु मेंडिस 8 चौकों के साथ 58 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से कप्तान कुसल मेंडिस ने धनंजय के साथ पांचवें विकेट के लिए 249 रन जुटाकर टीम को 400 के पार पहुंचा दिया। धनंजय 20 चौकों के साथ 167 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कुसल मेंडिस ने 4 छक्कों और 10 चौकों के साथ 119 रन की पारी खेली।

मेजबान टीम से साकिब खान ने 130 रन देकर 7 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद अब्बास ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, एक विकेट रजाउल्लाह ने अपने नाम किया।

पाकिस्तानी टीम दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 21.2 ओवरों का ही सामना कर सकी, क्योंकि बारिश ने खेल को रोक दिया। इस टीम ने 15 के स्कोर पर तैय्यब आरिफ (11) का विकेट खो दिया था, जिन्हें असिथा फर्नांडो ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद अजान ओवैस (नाबाद 22) ने मोहम्मद ताहा (नाबाद 24) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन की अटूट साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को अर्धशतक के पार पहुंचा दिया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story