मुंबई में क्रिकेट होना खुशी की बात, बेहतरी के लिए काम करेंगे: एमसीए अध्यक्ष
मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि 2027 में वानखेड़े स्टेडियम को भारत-ऑस्ट्रेलिया बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान टेस्ट मैच न मिलने के बावजूद, शहर में मैचों की मेजबानी करके उन्हें खुशी है।
एमसीए अध्यक्ष नाइक ने गुरुवार को खार जिमखाना में एमसीए के एक सम्मान समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा,
"सभी मैच महत्वपूर्ण होते हैं -- चाहे वह रणजी ट्रॉफी का मैच हो, कोई अंतरराष्ट्रीय मैच हो, आईपीएल का मैच हो, या फिर कोई क्लब मैच हो। हमारे लिए सभी मैच एक जैसे ही हैं। हमें खुशी है कि मुंबई में क्रिकेट हो रहा है। इसलिए हम खेल की बेहतरी के लिए काम करेंगे। हमारा यही मकसद है।"
उन्होंने कहा, "हमारी मुख्य एसोसिएशन हमें जो भी जिम्मेदारी देती है, हम यह सुनिश्चित करते हैं कि उसका बेहतर संचालन करें और उन्हें लागू करें।"
मुंबई को 9 जनवरी, 2027 को भारत-जिम्बाब्वे पुरुषों के तीसरे वनडे मैच की मेजबानी करने का मौका मिलेगा। जब उनसे खास तौर पर किसी बड़े टेस्ट मैच की मेजबानी न मिलने के बारे में पूछा गया, तो नाइक ने कहा कि इस तरह के फैसले उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं।
उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ एमसीए के बारे में ही बात कर सकता हूं। एपेक्स काउंसिल के तौर पर हमें जो भी फैसले लेने होते हैं। हम यह सुनिश्चित करते हैं कि हम उन्हें एमसीए के दायरे में ही लें। बीसीसीआई से जुड़े मामलों के लिए, आपको बीसीसीआई के दफ्तर में संपर्क करना होगा, जहाँ एपेक्स काउंसिल के सदस्य मौजूद होते हैं। मैं उन सवालों का जवाब नहीं दे सकता।"
मुंबई की सभी फॉर्मेट और सभी वर्गों (पुरुष और महिला) की टीमों की समग्र प्रगति पर उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए बीसीसीआई पुरस्कार समारोह में मुंबई को लगातार तीसरे साल 'सर्वश्रेष्ठ एसोसिएशन' का पुरस्कार मिला है। इसका श्रेय सामूहिक प्रयासों को जाता है।
नाइक ने कहा, "मैंने जो कुछ भी किया है, वह सिर्फ इस क्लब में मौजूद सभी सदस्यों की वजह से ही संभव हो पाया है, जिसमें हमारे सचिव भी शामिल हैं। सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं होती। यह हमेशा एक टीम वर्क का नतीजा होती है। यहां मौजूद हर व्यक्ति एमसीए की सफलता में अपना अहम योगदान दे रहा है।
बीसीसीआई ने 2027 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांच टेस्ट मैचों के वेन्यू की घोषणा कर दी है। मैचों का आयोजन नागपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में होगा। इसका मतलब है कि 2004 के बाद भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच की मेजबानी करने का मुंबई का इंतजार और लंबा हो गया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुंबई में आखिरी टेस्ट 2004 में खेला गया था।
--आईएएनएस
पीएके

