MS Dhoni-CSK: धोनी के भारत लौटते ही CSK लेगी बड़े फैसले, IPL 2027 से पहले कोच और ट्रेड पर होगी चर्चा
महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अमेरिका में हैं और रिपोर्ट के मुताबिक 22 सितंबर के आसपास भारत लौट सकते हैं। उनके वापस आने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मैनेजमेंट की अहम बैठक होने की उम्मीद है। इस बैठक में IPL 2027 से पहले टीम के नए हेड कोच, खिलाड़ियों के ट्रेड और ट्रांसफर जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
धोनी की CSK में हिस्सेदारी खरीदने को लेकर हाल ही में एक रिपोर्ट सामने आई थी। इसमें दावा किया गया था कि पूर्व कप्तान ने फ्रेंचाइजी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन कुछ शर्तों पर सहमति नहीं बन सकी। हालांकि, क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार CSK के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस तरह की बातचीत से इनकार किया है।
CSK अधिकारी ने हिस्सेदारी की बातचीत से किया इनकार
रिपोर्ट में फ्रेंचाइजी के एक बड़े अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि धोनी ने CSK में हिस्सेदारी खरीदने को लेकर मैनेजमेंट से कोई बातचीत नहीं की। अधिकारी के मुताबिक, उन्हें इस तरह की किसी चर्चा की जानकारी नहीं है।
हालांकि, CSK से जुड़ी जानकारी के अनुसार धोनी ने पहले कुछ शेयर जरूर खरीदे थे, जब ये निजी तौर पर बिक्री के लिए उपलब्ध थे। CSK के शेयर खुले बाजार में सामान्य कंपनियों के शेयरों की तरह ट्रेड नहीं होते। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि धोनी के पास एक लाख से ज्यादा शेयर हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी की कुल हिस्सेदारी के मुकाबले यह काफी छोटा हिस्सा है।
वहीं, श्रीनिवासन परिवार के पास 55 फीसदी से ज्यादा की नियंत्रक हिस्सेदारी बताई जाती है।
IPL 2027 में खेलेंगे धोनी या लेंगे संन्यास?
धोनी के भविष्य को लेकर भी लगातार चर्चा बनी हुई है। पिछले सीजन में उन्होंने कोई मैच नहीं खेला था, ऐसे में सवाल है कि क्या वह IPL 2027 में बतौर खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे या इससे पहले क्रिकेट से संन्यास का फैसला करेंगे।
CSK के अगले हेड कोच के चयन में भी धोनी की भूमिका अहम मानी जा रही है। उनके भारत लौटने के बाद फ्रेंचाइजी नए कोच को लेकर अंतिम फैसला कर सकती है।
विदेशी कोच के नाम पर चल रहा मंथन
रिपोर्ट के मुताबिक, CSK नए हेड कोच के लिए किसी विदेशी चेहरे को चुनने पर विचार कर रही है। यह भी दावा किया जा रहा है कि फ्रेंचाइजी ने एक नाम लगभग तय कर लिया है, लेकिन संबंधित कोच अभी किसी दूसरी IPL फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत कर रहा है।
धोनी के भारत लौटने के बाद इस मामले में तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। इसके बाद CSK IPL 2027 ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों के ट्रेड और ट्रांसफर को लेकर भी अपनी रणनीति तैयार करेगी।
फिलहाल धोनी के IPL 2027 में खेलने, CSK में उनकी भूमिका और नए कोच के नाम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

