Samachar Nama
×

मोहित ने अंडर-19 एशिया कप की सबसे बेहतरीन पारी खेली, नंबर 10 पर आकर जीत दिलाना बड़ी बात : प्रवीण आमरे

मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में शनिवार को पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत के पूर्व क्रिकेटर और पूर्व कोच प्रवीण आमरे ने टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की है। खासतौर पर उन्होंने मोहित उल्वा की पारी को बेहद खास बताया।

मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में शनिवार को पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत के पूर्व क्रिकेटर और पूर्व कोच प्रवीण आमरे ने टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की है। खासतौर पर उन्होंने मोहित उल्वा की पारी को बेहद खास बताया।

मोहित ने फाइनल में नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 49 रनों की नाबाद पारी खेली और आखिरी गेंद पर शानदार चौका लगाकर भारतीय टीम को खिताब दिलाया।

प्रवीण आमरे ने 'आईएएनएस' के साथ बातचीत करते हुए कहा, "हां, यह ऐतिहासिक विजय थी, क्योंकि आप देखिए टीम ने कैसे जीत दर्ज की। पहले राउंड में हम पाकिस्तान से हारे थे। इस तरह की जीत से अलग स्तर का आत्मविश्वास मिलता है। पाकिस्तान ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार क्रिकेट खेला था। फाइनल में टॉस जीतने के बाद वह बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे थे और काफी बड़े स्कोर की तरफ जा रहे थे। 34 ओवर में उन्होंने 260 रन बना लिए थे। इसके बाद भारतीय टीम ने 3 अहम विकेट चटकाए, जो हमारी गेंदबाजी यूनिट का कमबैक था। इसका श्रेय बॉलिंग कोच वीआरवी सिंह को भी जाता है। आखिरी 10 ओवरों में हमने जो कम रन दिए, उसका भी हमें फायदा मिला।"

उन्होंने आगे कहा, "हालांकि, फाइनल में 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होता है। इसके लिए मैं बैटिंग कोच को भी बधाई दूंगा। यह भारतीय बल्लेबाजी क्रम के सामने चैलेंज था कि वह कैसे 338 रनों के लक्ष्य को चेज करेंगे। आर्यवीर सहवाग ने हमें अच्छी नींव दी, जबकि लक्ष्य ने गेम को अच्छी तरह से कंट्रोल किया। मध्यक्रम के बल्लेबाजों और ऑलराउंडरों ने अपना रोल निभाया। हालांकि, मोहित ने जो इनिंग खेली वो कमाल की थी। उन्होंने 19 साल की उम्र में बेहतरीन परिपक्वता दिखाई। उनकी परिपक्वता को देखकर ऐसा लगा कि जैसे उन्होंने 10 वर्ल्ड कप खेले हों। नंबर 10 पर आकर टीम को जीत दिलाना बड़ी बात होती है।"

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने मोहित की तारीफ करते हुए कहा, "मोहित ने मेरे हिसाब से अंडर-19 एशिया कप की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक पारी खेली। इस जीत का श्रेय पूरी टीम और कोचिंग स्टाफ को जाता है। मैच को देखकर बहुत मजा आया। 650 रन बने और भारतीय टीम ने जिस तरह से चेज किया, वो शानदार था। अंडर-19 के स्तर पर रनों का पीछा करना आसान नहीं होता। आर्यवीर को भी मैं बधाई देना चाहता हूं, उन्होंने 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवॉर्ड जीता। वहीं, फाइनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड जीतना बड़ी बात है और मोहित उल्वा ने जो करके दिखाया। उसी की बदौलत हम फाइनल लाइन तक पहुंचकर खिताब जीत सके।"

आमरे ने मोहित की बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देने की काबिलियत की तारीफ की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आईपीएल 2027 के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन में मोहित को अच्छी रकम मिल सकती है।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story