Samachar Nama
×

महिला टी20 विश्व कप: चमारी अटापट्टू की दमदार पारी, श्रीलंका ने स्कॉटलैंड को 3 विकेट से हराया

मैनचेस्टर, 27 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट के 25वें मुकाबले में श्रीलंका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को 3 विकेट से हराया।

मैनचेस्टर, 27 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट के 25वें मुकाबले में श्रीलंका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को 3 विकेट से हराया।

स्कॉटलैंड से मिले 152 रनों के लक्ष्य को श्रीलंका ने 19.5 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल किया। हालांकि, टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। इमेशा दुलानी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और महज 4 रन बनाकर आउट हुईं। हसीनी परेरा भी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और 17 गेंदों में 23 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। हर्षिता समरविक्रमा ने 23 गेंदों में 27 रनों की अहम पारी खेली। कप्तान चमारी अटापट्टू बेहरतीन लय में दिखाई दीं और उन्होंने महज 16 गेंदों का सामना करते हुए 33 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया।

कविशा दिलहरी ने 18 रनों का योगदान दिया, तो नीलाक्षी डी सिल्वा ने अंत के ओवरों में बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 21 रन बनाए, और वह टीम को जीत दिलाकर लौटीं। सुगंधिका कुमारी 7 रन बनाकर नाबाद रहीं। गेंदबाजी में स्कॉटलैंड की ओर से कप्तान कैथरीन ब्राइस, राहेल स्लेटर और कैथरीन फ्रेजर ने दो-दो विकेट चटकाए।

इससे पहले, स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 151 रन लगाए। टीम की ओर से सारा ब्राइस अच्छी लय में दिखाई दीं और उन्होंने 33 गेंदों में 47 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके लगाए। वहीं, डार्सी कार्टर ने 36 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों की मदद से 34 रन बनाए।

ऐल्सा लिस्टर ने 17 गेंदों में 26 रनों का योगदान दिया, तो कप्तान कैथरीन ब्राइस ने 23 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में मिताली अयोध्या ने 34 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि कविशा दिलहारी ने एक विकेट निकाला। इस जीत के साथ ही श्रीलंका के अब 5 मुकाबलों में 6 प्वाइंट हो गए हैं और टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags