'लेवर कप 2026' में 'टीम वर्ल्ड' की तरफ से खेलते नजर आएंगे बेन शेल्टन
लंदन, 7 मई (आईएएनएस)। बेन शेल्टन ने 'लेवर कप 2026' में 'टीम वर्ल्ड' के लिए अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। मौजूदा 'वर्ल्ड नंबर-6' शेल्टन इस टूर्नामेंट में तीसरी बार खेलते नजर आएंगे। यह प्रतियोगिता 25 से 27 सितंबर तक 'द ओ2' में आयोजित होगी।
'टीम वर्ल्ड' ने पहले ही टेलर फ्रिट्ज और एलेक्स डी मिनौर की भागीदारी सुनिश्चित कर ली है। वहीं, 'टीम यूरोप' की ओर से कार्लोस अल्काराज और अलेक्जेंडर ज्वेरेव खेलते नजर आएंगे। चार साल बाद लंदन में लेवर कप का आयोजन होने जा रहा है। इससे पहले 2022 में यह टूर्नामेंट 'द ओ2' में हुआ था।
अमेरिकी खिलाड़ी शेल्टन तेजी से एटीपी टूर के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे हैं, जिन्होंने आक्रामक शैली और शक्तिशाली बाएं हाथ के खेल से अपनी खास पहचान बनाई। 23 वर्षीय खिलाड़ी के लिए 2026 का सीजन अब तक काफी शानदार रहा है। शेल्टन ने डलास और म्यूनिख में एटीपी 500 खिताब जीते हैं, जिससे उनके करियर में जीते गए खिताबों की कुल संख्या बढ़कर 5 हो गई है।
शेल्टन ने लेवर कप में भी प्रभावशाली रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने साल 2023 में वैंकूवर और साल 2024 में बर्लिन में खेले गए अपने 8 मुकाबलों में से छह में जीत हासिल की है। साल 2023 के संस्करण में 'टीम वर्ल्ड' की जीत में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही। वह पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक भी मैच नहीं हारे थे।
अपनी भागीदारी की पुष्टि करने करते हुए शेल्टन ने कहा कि यह आयोजन उनके लिए हमेशा से विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसमें उन्हें इस खेल के कुछ सबसे बड़े नामों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है।
'एटीपी' के अनुसार, शेल्टन ने कहा, "टीम वर्ल्ड का हिस्सा बनना हमेशा एक सम्मान की बात होती है। आंद्रे और पैट जैसे दिग्गजों के साथ एक हफ्ता बिताने, उनसे सीखने और इस समूह के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलना, मेरे लिए बहुत मायने रखता है। ऐसा अनुभव आपको और कहीं नहीं मिल सकता। लेवर कप से जुड़ी मेरी पहले से ही कुछ बेहतरीन यादें हैं। मैं लंदन में अपने साथियों के साथ फिर से मैदान पर उतरने के लिए बहुत उत्साहित हूं।"
साल 2026 का यह टूर्नामेंट बेन शेल्टन का 'टीम वर्ल्ड' के कप्तान आंद्रे अगासी और उप-कप्तान पैट्रिक राफ्टर के मार्गदर्शन में पहला लेवर कप होगा।
अगासी ने शेल्टन के टीम में शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा, "पैट और मैं इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकते कि बेन टीम से जुड़ रहे हैं। वह एक बेहतरीन और दमदार खिलाड़ी हैं, जो सिंगल्स और डबल्स दोनों में हमारी मदद करेंगे। साथ ही लॉकर रूम और बेंच पर उनकी ऊर्जा और जोश पूरी टीम के लिए बेहद अहम साबित होगा।"
--आईएएनएस
आरएसजी

