खिलाड़ियों में एक दूसरे के प्रति भरोसा और भूमिका में स्पष्टता का होना जीटी की सफलता का कारण: प्रसिद्ध कृष्णा
कोलकाता, 15 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 60वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच शनिवार की शाम को खेला जाना है। जीटी सीजन के 12 मैचों में 8 जीत के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। टीम ने अपने पिछले 5 मैचों में लगातार जीत हासिल की है। जीटी की सफलता में टीम के गेंदबाजों का बड़ा योगदान रहा है। केकेआर के खिलाफ मैच से पहले जीटी के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने टीम की सफलता का श्रेय खिलाड़ियों का एक दूसरे पर भरोसे और उनकी भूमिका में स्पष्टता को दिया।
आईएएनएस से बात करते हुए प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, "गुजरात टाइटंस ने एक प्रक्रिया को फॉलो किया है और कड़ी मेहनत की है जिसका असर परिणाम के रूप में दिख रहा है। हमारे टीम में अच्छे गेंदबाज हैं और बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। निश्चित रूप से उनका होना टीम के लिए फायदेमंद रहा है। हम सभी गेंदबाजों के लिए दबाव में संतुलन बनाए रखना और विकेट लेते रहना काफी अहम होता है। सिराज, रबाडा, अरशद, मैं, होल्डर, और राशिद दबाव वाली स्थिति में टीम के लिए विकेट लेने में सफल रहे हैं।"
सीजन में अपने प्रदर्शन के बारे में प्रसिद्ध कृष्णा ने कहा, "हर मैच चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे कई मौके आए हैं जब मैंने अच्छी गेंदबाजी की है और कई ऐसे भी मौके रहे हैं जब विपक्षी टीम के बल्लेबाजों ने मेरी गेंद पर रन बनाए हैं।"
जीटी की तेज गेंदबाजी इकाई पर कृष्णा ने कहा कि सिराज, रबाडा, अरशद और मुझे क्या करना है, इस बारे में हम पूरी तरह स्पष्ट हैं। इससे हमारा काम आसान हो जाता है।
जेसन होल्डर के प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने के बाद से जीटी की गेंदबाजी पर हुए असर के बारे में कृष्णा ने कहा कि वह एक बहुत ही अनुभवी गेंदबाज हैं। उन्होंने काफी क्रिकेट खेला है और पूर्व में टीम की कप्तानी भी की है। टीम में वह भी अपने रोल के बारे में स्पष्ट हैं। उनके शामिल होने के बाद से टीम की गेंदबाजी और मजबूत हुई है।
हेड कोच आशीष नेहरा के बारे में कृ्ष्णा ने कहा, "उनके साथ रहना हमेशा कुछ न कुछ सीखने का अवसर होता है। चाहें उनके साथ बैठकर चाय पीना हो या फिर कुछ और, उनके अनुभव से हम हमेशा कुछ न कुछ सीखते रहते हैं। मैं हमेशा उनसे बातचीत करने के लिए उत्साहित रहता हूं। एक गेंदबाज के तौर पर आप उनसे काफी कुछ सीख सकते हैं।"
वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य जैसे युवा और विस्फोटक बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाज के सवाल पर कृष्णा ने कहा, "उम्र सिर्फ एक नंबर है। किसी भी बल्लेबाज के खिलाफ गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण है। बेशक दोनों बल्लेबाज युवा हैं और बिना किसी भय के क्रिकेट खेलते हैं और टी20 क्रिकेट देखते और खेलते हुए बड़े हुए हैं। उन्होंने अपने खेल पर काफी मेहनत की है। दोनों बहुत अच्छा कर रहे हैं। गेंदबाज के तौर पर हमारा काम विकेट लेना और विपक्षी टीम पर दबाव बनाना है।"
अहमदाबाद में जीटी के बेहतरीन प्रदर्शन की वजह पर दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा, "निश्चित रूप से यहां हमें फैंस का काफी सपोर्ट मिलता है, लेकिन जहां तक इस ग्राउंड में हमारी टीम की सफलता की बात है तो इसका कारण हमारी टीम में एकता, एक दूसरे पर भरोसा और अच्छा प्रदर्शन है।"
जीटी की तेज गेंदबाजी इकाई इस सीजन में सभी फ्रेंचाइजियों के मुकाबले प्रभावी साबित हुई है। कगिसो रबाडा ने 12 मैचों में 21, प्रसिद्ध कृष्णा ने 8 मैचों में 14 विकेट, जेसन होल्डर ने 6 मैचों में 13 और सिराज ने 12 मैचों में 13 विकेट लेकर जीटी की सीजन में बड़ी सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। स्पिनर राशिद खान ने 12 मैचों में 16 विकेट लिए हैं।
--आईएएनएस
पीएके

