Samachar Nama
×

Kavya Maran Wedding: सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन ने रचाई शादी, मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध बने हमसफर

Kavya Maran Wedding: सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन ने रचाई शादी, मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध बने हमसफर

आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में आ गई हैं। काव्या ने मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के साथ शादी कर ली है। अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया पर दोनों की खूबसूरत तस्वीर साझा कर इस खुशखबरी की जानकारी दी। तस्वीर सामने आने के बाद फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स नए जोड़े को बधाइयां दे रहे हैं।

अनिरुद्ध ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "मेरी जिंदगी का वो एक मौका, जो जिंदगी भर के लिए है। 11.11." तस्वीर में दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। उनके इस खास पल को देखकर फैंस काफी खुश हैं।

शादी में काव्या और अनिरुद्ध का दिखा शानदार अंदाज

शादी की तस्वीर में काव्या और अनिरुद्ध पारंपरिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। अनिरुद्ध ने आइवरी रंग का कुर्ता और उससे मेल खाती वेष्टी पहनी है। इसके ऊपर उन्होंने लंबी जैकेट कैरी की, जो उनके लुक को क्लासिक बना रही है।

वहीं, काव्या गुलाबी रंग के खूबसूरत लहंगे में नजर आ रही हैं। उनके लहंगे पर बारीक एम्ब्रॉयडरी का काम किया गया है। तस्वीर में दोनों पर फूलों की बारिश होती दिखाई दे रही है, जबकि पीछे पीले फूलों से सजा मंडप नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर उनके शादी के लुक की भी खूब तारीफ हो रही है।

IPL में अपनी टीम को सपोर्ट करती हैं काव्या मारन

काव्या मारन आईपीएल के दौरान अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद की नीलामी में खिलाड़ियों के लिए बोली लगाती नजर आती हैं। इसके अलावा टीम का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम भी पहुंचती हैं।

मैच के दौरान उन्हें स्टैंड्स में बैठकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते और टीम की सफलता पर खुशी मनाते हुए देखा जाता है। उनके लुक्स और खिलाड़ियों को लेकर लिए जाने वाले फैसले भी क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय रहते हैं। अब आईपीएल 2027 के लिए 16 दिसंबर को होने वाले ऑक्शन में भी उनके नजर आने की संभावना है।

कौन हैं काव्या मारन के पति अनिरुद्ध रविचंदर?

अनिरुद्ध रविचंदर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार और कंपोजर हैं। उन्हें 'Why This Kolaveri Di' गाने से देशभर में खास पहचान मिली थी। इस गाने ने रिलीज के बाद जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी।

अनिरुद्ध ने 'विक्रम', 'जेलर' और 'लियो' जैसी फिल्मों में संगीत दिया है। इसके अलावा शाहरुख खान की साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'जवान' के लोकप्रिय गाने 'जिंदा बंदा' को भी उन्होंने कंपोज किया था।

अनिरुद्ध की संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान है, जबकि काव्या मारन क्रिकेट और आईपीएल से जुड़ी गतिविधियों के कारण लोकप्रिय हैं। अब दोनों की शादी की खबर ने मनोरंजन और क्रिकेट जगत में हलचल बढ़ा दी है।

Share this story

Tags