Samachar Nama
×

भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को पहले टी20 में 38 रनों से हराया, जेमिमा-यास्तिका की दमदार पारी

चेम्सफोर्ड, 29 मई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड दौरे का आगाज जीत के साथ किया है। पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 38 रनों से हराया। जेमिमा रोड्रिग्स और यास्तिका भाटिया ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि डेब्यू मुकाबले में नंदिनी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट चटकाए।

भारतीय टीम से मिले 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 150 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ऐलिस कैप्सी महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद सोफिया डंकले भी 10 गेंदों में 16 रन बनाकर क्रांति गौड़ का शिकार बनीं। 37 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही इंग्लैंड की पारी को हीथर नाइट और एमी जोन्स ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 64 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

नाइट 24 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, जोन्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 67 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। फ्रेया केम्प 8 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि डेनिएल गिब्सन खाता तक नहीं खोल सकीं। कप्तान चार्ली डीन 11 रन बनाकर नाबाद रहीं। गेंदबाजी में भारत की ओर से नंदिनी शर्मा ने डेब्यू मुकाबले में 4 ओवर में 34 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि क्रांति गौड़ ने 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इससे पहले, भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और हरमनप्रीत कौर की गैरमौजूदगी में कप्तानी कर रहीं स्मृति मंधाना पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गईं। शेफाली वर्मा भी महज 2 रन ही बना सकीं। हालांकि, इसके बाद यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिग्स ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों में 126 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

यास्तिका ने 40 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 54 रन बनाए। वहीं, जेमिमा ने 40 गेंदों में 69 रनों की लाजवाब पारी खेली। ऋचा घोष बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, दीप्ति शर्मा ने 13 गेंदों में 22 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में लॉरेन बेल ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि चार्ली डीन और इस्सी वोंग ने 1-1 विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags