Samachar Nama
×

जन्मदिन विशेष: कभी कप्तान, कभी विकेटकीपर, कभी ओपनर, भारतीय टीम में बदलती रही है केएल राहुल की भूमिका

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट में केएल राहुल एक ऐसा नाम हैं जो टीम की बेहतरी के लिए हर भूमिका स्वीकार करने और उसमें अपना शत-प्रतिशत देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इसी खासियत ने राहुल को टीम के लिए विशेष बनाया है।
जन्मदिन विशेष: कभी कप्तान, कभी विकेटकीपर, कभी ओपनर, भारतीय टीम में बदलती रही है केएल राहुल की भूमिका

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट में केएल राहुल एक ऐसा नाम हैं जो टीम की बेहतरी के लिए हर भूमिका स्वीकार करने और उसमें अपना शत-प्रतिशत देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इसी खासियत ने राहुल को टीम के लिए विशेष बनाया है।

केएल राहुल का जन्म 18 अप्रैल 1992 को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हुआ था। कर्नाटक भारतीय क्रिकेट का एक ऊर्जावान और समृद्ध राज्य रहा है। अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, राहुल द्रविड़, और वेंकटेश प्रसाद जैसे क्रिकेटर वहां से निकलकर भारतीय टीम का बड़ा चेहरा बने हैं। क्रिकेट की आबोहवा का असर राहुल पर भी पड़ा, और उन्होंने इसी खेल में अपना करियर बनाने का निश्चय किया।

2010 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कर्नाटक के लिए डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में तीनों ही फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन किया और भारतीय टीम में अपनी मजबूत जगह बनाई। भारतीय टीम के छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का आगाज करने वाले राहुल ने खुद को तीनों ही फॉर्मेट में ओपनर बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया। हालांकि, उनकी ओपनिंग लंबे समय तक उनके साथ नहीं रही। तीनों ही फॉर्मेट में उनके बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव होता रहा। यह सब टीम की जरूरत और दूसरे खिलाड़ियों की स्थिति के अनुसार होता है। वनडे विश्व कप 2023 में राहुल ने विकेटकीपिंग भी की, ताकि टीम को एक अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज मिल सके।

मौजूदा समय में राहुल टेस्ट में पारी की शुरुआत करते हैं, तो वनडे में चौथे या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं, जबकि टी20 फॉर्मेट से बाहर हैं।

केएल राहुल को एक समय भारतीय टीम का कप्तान भी माना जा रहा था, लेकिन कप्तानी उनके हाथ से निकल गई। हालांकि कई मैचों में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की है। राहुल ने तीनों फॉर्मेट में भारत की कप्तानी की है। भारत को 16 वनडे मैचों में 10 जीत, 3 टेस्ट मैचों में 2 जीत और 1 टी20 मैच में जीत उनकी कप्तानी में मिली है।

राहुल के करियर पर गौर करें, तो उन्होंने टेस्ट में 2014 और वनडे और टी20 में 2016 में डेब्यू किया था। 67 टेस्ट मैचों की 118 पारियों में 11 शतक और 20 अर्धशतक लगाते हुए वह 4,053 रन बना चुके हैं। 94 वनडे की 86 पारियों में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 8 शतक और 20 अर्धशतक लगाते हुए 50.90 की औसत से 3, 360 रन और 72 टी20 की 68 पारियों में 2 शतक और 22 अर्धशतक लगाते हुए 2,265 रन बना चुके हैं।

राहुल भारतीय टी20 टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी20 10 नवंबर 2022 को खेला था।

राहुल इंडियन प्रीमियर लीग के भी सफलतम बल्लेबाजों में से एक हैं। 2013 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले राहुल ने 2026 तक 149 मैचों की 140 पारियों में 5 शतक और 41 अर्धशतक लगाते हुए 5,333 रन बनाए हैं। आईपीएल में राहुल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच), पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए खेल चुके हैं। वह पंजाब किंग्स और एलएसजी के कप्तान भी रहे हैं। आईपीएल 2025 से वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं।

राहुल ने अपने करियर में तीनों ही फॉर्मेट में और आईपीएल में कई बेहतरीन और यादगार पारियां खेली हैं, लेकिन संभवत: 34 साल के इस खिलाड़ी का श्रेष्ठ आना अभी बाकी है।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags