Samachar Nama
×

आईडब्ल्यूएल: फाजिला इकवापुट की हैट्रिक, ईस्ट बंगाल ने श्रीभूमि को 3-1 से हराया

कोलकाता, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। फाजिला इकवापुट की हैट्रिक से इंडियन वीमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) 2025-26 में सोमवार को मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी ने श्रीभूमि एफसी के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की। कोलकाता के ईस्ट बंगाल ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए ईस्ट बंगाल एफसी ने टॉप पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है।
आईडब्ल्यूएल: फाजिला इकवापुट की हैट्रिक, ईस्ट बंगाल ने श्रीभूमि को 3-1 से हराया

कोलकाता, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। फाजिला इकवापुट की हैट्रिक से इंडियन वीमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) 2025-26 में सोमवार को मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी ने श्रीभूमि एफसी के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की। कोलकाता के ईस्ट बंगाल ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए ईस्ट बंगाल एफसी ने टॉप पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है।

फाजिला इकवापुट की हैट्रिक ने टीम को 3 प्वाइंट्स दिलाए, जिससे 'मोशाल गर्ल्स' सात मैचों में 21 प्वाइंट्स पर पहुंच गईं। इस युगांडा की स्ट्राइकर ने आईडब्ल्यूएल में अपने गोलों की संख्या 54 तक पहुंचा दी, और 51 गोल करने वाली न्गांगोम बाला देवी को पीछे छोड़ते हुए, सबित्रा भंडारी (60) के बाद इस टूर्नामेंट की दूसरी सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बन गईं। श्रीभूमि की तरफ से एकमात्र गोल रिम्पा हलदर ने किया।

ईस्ट बंगाल ने शुरुआत से ही मुकाबले में दबदबा बनाए रखा। इकवापुट ने मैच की शुरुआत में ही गोल कर दिया था, लेकिन ऑफसाइड का झंडा उठने की वजह से उसे रद्द कर दिया गया। युगांडा की खिलाड़ी लगातार विरोधी टीम के लिए खतरा बनी रही।

मैच का पहला गोल 37वें मिनट में हुआ। इकवापुट की तरफ आए एक लंबे पास को तोइजम थोइबिसाना चानू ठीक से समझ नहीं पाईं, उन्होंने उसे सिर से मारकर हटाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे ईस्ट बंगाल की इस फॉरवर्ड खिलाड़ी के पास ही जा गिरी। इक्वापुट ने शांत रहते हुए आगे बढ़ रही मोनालीशा को छकाते हुए गेंद गोल में डाल दी।

मैच दोबारा शुरू होने के एक मिनट के भीतर (46वें मिनट) ईस्ट बंगाल ने फिर से गोल कर दिया। इक्वापुट तेजी से आगे बढ़ीं और एक सटीक शॉट को गोल के निचले-दाएं कोने में पहुंचाकर स्कोर 2-0 कर दिया।

इसके बाद मेजबान टीम ने मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत करते हुए श्रीभूमि को अपने ही हाफ में पीछे धकेल दिया। मेहमान टीम को गेंद पर कब्जा बनाए रखने में काफी संघर्ष करना पड़ा, हालांकि 55वें मिनट में रिम्पा का एक क्रॉस लगभग डांगमेई ग्रेस तक पहुंच ही गया था, तभी पंथोई ने बीच में आकर उसे रोक दिया। 3 मिनट बाद, अबेना अनोमा द्वारा गेंद को ठीक से क्लियर न कर पाने का फायदा उठाते हुए डांगमेई ने गोल पर जोरदार शॉट लगाया, लेकिन गेंद गोल के ऊपर से निकल गई।

मैच के 60वें मिनट में इक्वापुट ने अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। दबाव के बावजूद उन्होंने तेजी से घूमते हुए गेंद को मोनालीशा के पास से निकालते हुए गोल में डाल दिया और स्कोर 3-0 कर दिया। श्रीभूमि ने कुछ देर के लिए दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन वे कोई स्पष्ट गोल का मौका बनाने में नाकाम रहीं।

दूसरी ओर, 67वें मिनट में सुलांजना राउल के साथ मिलकर इक्वापुट ने लगभग चौथा गोल कर ही दिया था, लेकिन मोनालीशा ने शानदार बचाव किया। ईस्ट बंगाल की रक्षापंक्ति को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा, क्योंकि श्रीभूमि के आक्रमण के तालमेल ठीक से नहीं बैठ पा रहे थे।

80वें मिनट में मिडफील्ड में हुई एक गलती का फायदा उठाते हुए मेहमान टीम ने एक गोल करके अपनी हार का अंतर कम किया। नेमइरकपम अरिना देवी गेंद लेकर आगे बढ़ीं और रिम्पा को पास दिया, जिन्होंने बड़ी सफाई से गेंद को पंथोई के पास से निकालते हुए गोल में डाल दिया। इस सीजन में लीग में ईस्ट बंगाल के खिलाफ यह सिर्फ दूसरा गोल था। मैच के अंत में मिला यह सांत्वना गोल मैच के नतीजे पर कोई खास असर नहीं डाल सका। इक्वापुट की सटीक फिनिशिंग तथा लगातार दबदबे के दम पर ईस्ट बंगाल ने एक शानदार जीत दर्ज की।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags