Samachar Nama
×

आईटीएफ महिला डब्ल्यू35 की मेजबानी को तैयार कर्नाटक का ये शहर

बेंगलुरु, 21 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक का तुमकुरु शहर 4 से 10 मई तक एक बड़े अंतरराष्ट्रीय टेनिस आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) महिला वर्ल्ड टेनिस टूर के तहत डब्ल्यू35 इवेंट का आयोजन तुमकुरु यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित डिस्ट्रिक्ट टेनिस स्टेडियम में किया जाएगा।
आईटीएफ महिला डब्ल्यू35 की मेजबानी को तैयार कर्नाटक का ये शहर

बेंगलुरु, 21 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक का तुमकुरु शहर 4 से 10 मई तक एक बड़े अंतरराष्ट्रीय टेनिस आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) महिला वर्ल्ड टेनिस टूर के तहत डब्ल्यू35 इवेंट का आयोजन तुमकुरु यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित डिस्ट्रिक्ट टेनिस स्टेडियम में किया जाएगा।

यह टूर्नामेंट 30,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि के साथ आयोजित होगा और वैश्विक महिला टेनिस सर्किट का अहम हिस्सा माना जाता है। यह प्रतियोगिता खास इसलिए भी है क्योंकि यह तुमकुरु में पिछले 20 वर्षों से अधिक समय में पहला आईटीएफ महिला इवेंट होगा। इसके साथ ही यह शहर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट होगा। इस इवेंट में 32 खिलाड़ियों का सिंगल्स मेन ड्रॉ होगा, जिसमें क्वालिफाइंग राउंड के जरिए खिलाड़ी जगह बनाएंगे। इसमें भारत और विदेशों की उभरती प्रतिभाओं के साथ शीर्ष पेशेवर खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिन्हें डब्ल्यूटीए टूर तक पहुंचने के लिए जरूरी रैंकिंग अंक हासिल करने का मौका मिलेगा।

कर्नाटक के गृह मंत्री और जिला प्रभारी मंत्री जी. परमेश्वर ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा, "दो दशकों से ज्यादा समय के बाद इस पैमाने के एक अंतर्राष्ट्रीय इवेंट की मेजबानी करना तुमकुरु के लिए गर्व का क्षण है। एक मजबूत खेल संस्कृति वाले जिले के तौर पर, यह टूर्नामेंट बुनियादी ढांचे में हुई प्रगति और वैश्विक खेल आयोजनों को बढ़ावा देने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए अवसर भी पैदा करता है। मुझे यकीन है कि हमारे जिला प्रशासन, जिसका नेतृत्व डीसी करेंगे, इस इवेंट की मेजबानी बहुत ही शानदार तरीके से करेगा। मैं तुमकुरु में यह अवसर देने के लिए केएसएलटीए को धन्यवाद देता हूं।"

वहीं आईटी/बीटी और ग्रामीण विकास मंत्री प्रियंक एम. खड़गे ने कहा कि इस तरह के आयोजन बड़े शहरों से बाहर भी खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। तुमकुरु ने आखिरी बार 2003 में एक अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट, एटीपी चैलेंजर (तुमकुरु ओपन), की मेजबानी की थी। उस प्रतियोगिता में रोहन बोपन्ना और प्रकाश अमृतराज जैसे खिलाड़ी शामिल हुए थे, जबकि जर्मनी के फिलिप कोहल्श्रेइबर विजेता बने थे।

जिला प्रशासन ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह टूर्नामेंट न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तुमकुरु की पहचान मजबूत करेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर खेल संस्कृति को भी नई दिशा देगा। कुल मिलाकर, आईटीएफ डब्ल्यू35 टूर्नामेंट शहर के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags