आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप: भारत ने 7 गोल्ड के साथ जीते कुल 24 मेडल
नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। भारत ने आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 24 मेडल अपने नाम किए। जर्मनी के सुहल में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत ने 7 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।
भारत के अभियान की शुरुआत जबरदस्त रही। सेजल कांबले ने 10 मीटर एयर पिस्टल विमेंस जूनियर इवेंट में व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीता, जबकि हिमांशी ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। इसके बाद सेजल कांबले, वंशिका चौधरी और नव्या बिश्नोई की तिकड़ी ने इसी इवेंट के टीम मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतकर चैंपियनशिप में भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई।
समीर ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष जूनियर इवेंट में गोल्ड मेडल जीता, जबकि रोहित कन्यान 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन पुरुष जूनियर प्रतियोगिता में विजेता बने। प्राची गायकवाड़ ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन महिला जूनियर इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इनके अलावा, भारत ने लगातार अच्छा टीम प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन पुरुष जूनियर टीम और 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष जूनियर टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।
अन्वी राठौड़ ने 10 मीटर एयर राइफल महिला जूनियर इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना साधा, जिसके बाद प्रीतम केंद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर राइफल पुरुष जूनियर इवेंट में गोल्ड मेडल हासिल किया। भारत ने 25 मीटर पिस्टल महिला जूनियर टीम और 25 मीटर पिस्टल पुरुष जूनियर टीम इवेंट में भी ब्रॉन्ज मेडल जीते और स्टैंडिंग में अपनी टॉप पोजिशन को और मजबूत किया।
10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष जूनियर कैटेगरी में, शिवा नरवाल ने सिल्वर और युग प्रताप सिंह राठौड़ ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार डबल-पोडियम फिनिश हासिल की। इसके बाद नरवाल ने संदीप बिश्नोई और चिराग शर्मा के साथ मिलकर टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता, जिसके बाद वंशिका चौधरी के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में एक और सिल्वर मेडल हासिल किया।
भारत का सबसे मजबूत प्रदर्शन चैंपियनशिप के आखिरी दौर में देखने को मिला। अभिनव देशवाल ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल पुरुष जूनियर इवेंट में गोल्ड मेडल जीता, जबकि शाम्भवी श्रवण क्षीरसागर और अभिनव शॉ ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम जूनियर मुकाबले में गोल्ड मेडल हासिल किया।
भारत ने अभिनव देशवाल, जतिन और अभिनव चौधरी के जरिए 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल पुरुष जूनियर टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता। 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल महिला जूनियर इवेंट में, शौर्य दिलीप भार्ने ने सिल्वर मेडल जीता और रिया दुग्गल ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
मुकाबले के आखिरी दिन, राज चंद्रा ने 50 मीटर पिस्टल पुरुष जूनियर इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना साधा, जबकि योगेश कुमार, प्रतीक और अभिनव चौधरी ने मिलकर टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। ऐश्वर्या रविचंद्र बालेहोसुर ने 50 मीटर पिस्टल महिला जूनियर इवेंट में कड़े मुकाबले के बाद इंडिविजुअल सिल्वर मेडल जीतकर इस शानदार अभियान का समापन किया।
--आईएएनएस
आरएसजी

