Samachar Nama
×

आईएसएल 2026-27: बेंगलुरु एफसी ने मुंबई सिटी को 2-0 से हराया, प्वाइंट्स टेबल में हासिल की नंबर एक की पोजीशन

बेंगलुरु, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु के श्री कांतिरावा स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 के मुकाबले में बेंगलुरु एफसी ने मुंबई सिटी एफसी को 2-0 से हराकर प्वाइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। 57वें मिनट में बोर्जा मार्टिनेज ने पेनल्टी को गोल में बदला, और फिर 85वें मिनट में सब्स्टीट्यूट के तौर पर आए रयान विलियम्स ने गोल करके बेंगलुरु एफसी को इस सीजन की चौथी जीत दिलाई। यह मैच सुनील छेत्री के लिए भी खास रहा, क्योंकि यह आईएसएल में उनका 200वां मैच था।

नए हेड कोच अश्वीर सिंह जोहल के नेतृत्व में अपना पहला मैच खेल रही मुंबई टीम ने शुरुआत में काफी डिफेंसिव रुख अपनाया। हालांकि, धीरे-धीरे वह खेल में लौटे और हाफ-टाइम से पहले कुछ अच्छे मौके बनाए। 14वें मिनट में हृदय जैन के बाएं पैर से लगाए गए शॉट को गुरप्रीत सिंह संधू ने बार के ऊपर से बाहर निकाल दिया और 38वें मिनट में उन्होंने डाइव लगाकर जोथनपुइया के एक और प्रयास को नाकाम कर दिया।

21वें मिनट में बेंगलुरु एफसी गोल के करीब पहुंच गई थी, जब वालपुइया ने छेत्री के कट-बैक को लगभग अपने ही गोल में डाल दिया था, लेकिन आशीष सिबी ने शानदार बचाव किया। इसके कुछ देर बाद मुंबई के डिफेंडर कार्लोस डेलगाडो हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह 24वें मिनट में साहिल पंवार को मैदान पर उतारा गया। पहला हाफ बिना किसी गोल के समाप्त हुआ।

हाफ-टाइम के बाद छेत्री की जगह रयान विलियम्स मैदान पर आए और आते ही अपना असर दिखाया। 52वें मिनट में विलियम्स के क्रॉस पर विनीत वेंकटेश गोल करने से चूक गए और दो मिनट बाद विलियम्स के ही एक करीबी शॉट को सिबी ने बचा लिया। दूसरी तरफ, गुरप्रीत ने ब्रैंडन फर्नांडिस के प्रयास को भी विफल कर दिया।

55वें मिनट में वालपुइया द्वारा विलियम्स को चुनौती दिए जाने के बाद बेंगलुरु ने पेनल्टी की अपील की, लेकिन रेफरी ने खेल जारी रखने का इशारा किया। एक मिनट बाद मेजबान टीम को पेनल्टी (स्पॉट-किक) मिल गई, क्योंकि बॉक्स के अंदर जोथनपुइया गेंद पर अपना नियंत्रण खो बैठे और उनका पैर सोहम वार्ष्णेय से टकरा गया।

मार्टिनेज ने सिबी को गलत दिशा में छकाते हुए गोल किया और बेंगलुरु एफसी को बढ़त दिला दी। मुंबई ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन 73वें मिनट में नौफल के कट-बैक पर लुका माजसेन गेंद को सही से नहीं खेल पाए। 85वें मिनट में विलियम्स ने बेंगलुरु एफसी की बढ़त को दोगुना कर दिया। काउंटर-अटैक के दौरान मोनिरुल मोल्ला से गेंद मिलने के बाद वह हाफवे लाइन के पास से आगे बढ़े और एक लो शॉट के साथ गोल कर दिया।

ऐसा लगा कि 89वें मिनट में बेंगलुरु को तीसरा गोल मिल गया है, जब मुंबई के कप्तान आकाश मिश्रा ने गेंद को अपनी ही नेट में डाल दिया, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण इस गोल को अमान्य करार दिया गया। पांच मैचों में 13 अंकों के साथ बेंगलुरु एफसी प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गया, जबकि मुंबई सिटी दो अंकों के साथ 12वें स्थान पर है।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी

Share this story

Tags