Samachar Nama
×

आईएसएल 2026-27: ईस्ट बंगाल और एससी दिल्ली के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा

कोलकाता, 20 नवंबर (आईएएनएस)। कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 के मुकाबले में मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी फुटबॉल क्लब ने दो बार पिछड़ने के बाद वापसी की और स्पोर्टिंग क्लब (एससी) दिल्ली के खिलाफ मैच 2-2 से ड्रॉ कराया।

कोलकाता, 20 नवंबर (आईएएनएस)। कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 के मुकाबले में मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी फुटबॉल क्लब ने दो बार पिछड़ने के बाद वापसी की और स्पोर्टिंग क्लब (एससी) दिल्ली के खिलाफ मैच 2-2 से ड्रॉ कराया।

मैच में कार्लोस फोर्टेस ने पेनल्टी स्पॉट से गोल करके मेहमान टीम एससी दिल्ली को बढ़त दिलाई, लेकिन हाफ-टाइम से ठीक पहले एडमंड लालरिंडिका ने गोल करके ईस्ट बंगाल के लिए स्कोर बराबर कर दिया। ब्रेक के बाद आशुतोष मेहता ने एससी दिल्ली को फिर से बढ़त दिला दी, लेकिन सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी एके लोबा ने गोल करके ईस्ट बंगाल को एक अंक दिलाने में मदद की।

कोलकाता में बारिश के बावजूद, दोनों टीमों ने शुरुआत से ही खेल पर अपना नियंत्रण बनाने की कोशिश की। ईस्ट बंगाल ने ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने के कई प्रयास किए, जबकि एससी दिल्ली ने डिफेंस में मजबूती बनाए रखी।

हालांकि, मेहमान टीम को तब बढ़त मिली, जब ईस्ट बंगाल के कप्तान मोहम्मद राशिद ने पेनल्टी एरिया के अंदर मोहम्मद ऐमेन को गिरा दिया। फोर्टेस ने पेनल्टी को गोल में बदलकर अपनी टीम को आगे कर दिया। इस गोल के साथ ही इस सीजन में उनके कुल गोलों की संख्या 3 हो गई है।

ईस्ट बंगाल ने दबाव बढ़ाते हुए इसका जवाब दिया और एडमंड लालरिंडिका के जरिए बराबरी का गोल दागा। विंगर लालरिंडिका ने शानदार व्यक्तिगत कौशल दिखाते हुए अपने मार्कर को छकाया और खिलाड़ियों की भीड़ के बीच से गेंद को नेट में पहुंचा दिया, जिससे हाफ-टाइम तक स्कोर 1-1 हो गया।

ब्रेक के बाद आशुतोष मेहता ने एससी दिल्ली को फिर से बढ़त दिला दी। कॉर्नर किक पर ऐमेन की गेंद को रोड्रिगिन्हो ने हेडर के जरिए गोल की तरफ भेजा, जिसे प्रभसुखन सिंह गिल ने बचा लिया। मगर रिबाउंड पर आशुतोष मेहता ने सबसे तेजी से प्रतिक्रिया दी और करीब से गोल करके मेहमान टीम को फिर से आगे कर दिया।

हालांकि, ईस्ट बंगाल के पास इसका भी जवाब था। हेड कोच एंटोनियो लोपेज हबास ने एके लोबा को मैदान पर उतारा। इस सब्स्टिट्यूट खिलाड़ी ने आते ही अपना असर दिखाया और दानी रामिरेज के पास (असिस्ट) पर बॉक्स के बीच से दाएं पैर से शानदार गोल किया। इस गोल के साथ ही इस सीजन में लोबा के कुल गोलों की संख्या चार हो गई और मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल ने दूसरी बार मैच में बराबरी हासिल कर ली।

ईस्ट बंगाल ने जीत हासिल करने के लिए लगातार कोशिश की, लेकिन उन्हें अंकों का बंटवारा करके ही संतोष करना पड़ा। जहां मेजबान टीम अपनी वापसी से आत्मविश्वास लेगी, वहीं एससी दिल्ली अपनी बढ़त को बरकरार न रख पाने से निराश होगी। हालांकि, अपने घर से बाहर एक और अच्छे प्रदर्शन के बाद वे खुद पर गर्व कर सकते हैं। ब्रेक से पहले अपने पिछले मुकाबले में चेन्नईयिन एफसी से मिली हार के बाद ईस्ट बंगाल अब जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगा।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story

Tags