Samachar Nama
×

आईएसएल 2025-26: पंजाब एफसी ने केरल ब्लास्टर्स को 3-1 से हराया

कोच्चि, 21 मार्च (आईएएनएस)। कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग 2025-26 के मैच में पंजाब एफसी ने केरल ब्लास्टर्स एफसी को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही पंजाब एफसी की टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।
आईएसएल 2025-26: पंजाब एफसी ने केरल ब्लास्टर्स को 3-1 से हराया

कोच्चि, 21 मार्च (आईएएनएस)। कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार को खेले गए इंडियन सुपर लीग 2025-26 के मैच में पंजाब एफसी ने केरल ब्लास्टर्स एफसी को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही पंजाब एफसी की टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।

पंजाब की जीत में पहले हाफ के तीन गोल ही निर्णायक साबित हुए। मैच की शुरुआत से ही पंजाब ने आक्रामक खेल दिखाया और केरल की टीम पर दबाव बनाया। इसका फायदा उन्हें जल्दी ही मिल गया, जब समीर जेलजकोविक ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद केरल ब्लास्टर्स ने मिडफील्ड में लगातार गलतियां कीं, जिसका फायदा उठाते हुए बेडे ओसुजी ने दूसरा गोल दाग दिया। पंजाब का दबदबा यहीं नहीं रुका और दानी रामिरेज ने तीसरा गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। पहले हाफ के अंत तक मैच पूरी तरह पंजाब के पक्ष में चला गया।

दूसरे हाफ में केरल ब्लास्टर्स ने वापसी करने की कोशिश की। टीम ने धीरे-धीरे खेल पर पकड़ बनाई और आक्रमण तेज किया। इसका नतीजा 60वें मिनट के आसपास मिला, जब फालू एनडियाये ने हेडर के जरिए गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। इस गोल के बाद केरल ने और मौके बनाने की कोशिश की, लेकिन पंजाब की मजबूत डिफेंस ने उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिलने दी। पंजाब की टीम ने संयम के साथ खेलते हुए अपनी बढ़त को बनाए रखा।

मैच के अंत में केरल ब्लास्टर्स की मुश्किलें और बढ़ गईं, जब मार्लन रूस-ट्रुजिलो को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। इससे टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने पर मजबूर हो गई। इस जीत के साथ पंजाब एफसी पांच मैचों में 8 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया। वहीं, केरल ब्लास्टर्स छह मैचों में सिर्फ एक अंक के साथ 13वें स्थान पर खिसक गया है।मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए समीर जेलजकोविक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह जीत कोच्चि में पंजाब की लगातार तीसरी जीत भी थी, जिससे वे लीग में यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई है। कुल मिलाकर, पंजाब ने शानदार खेल दिखाते हुए आसान जीत हासिल की।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags