Samachar Nama
×

ईशान और तिलक ने कमाल की पारी खेली, अंतिम मैच में 1-2 बदलाव संभव: कप्तान अय्यर

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 90 रन से दमदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन और तिलक वर्मा की बल्लेबाजी को सराहा है। इसी के साथ कप्तान ने सीरीज के निर्णायक मैच में बदलाव का संकेत भी दिया।

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 90 रन से दमदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन और तिलक वर्मा की बल्लेबाजी को सराहा है। इसी के साथ कप्तान ने सीरीज के निर्णायक मैच में बदलाव का संकेत भी दिया।

शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने ईशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की शानदार पारियों के दम पर 5 विकेट खोकर 219 रन बनाए। इसके जवाब में मेजबान टीम 17.5 ओवरों में सिर्फ 129 रन पर सिमट गई।

टीम इंडिया ने सीरीज का पहला मैच 7 विकेट से अपने नाम किया था। दूसरा मुकाबला जीतकर मेहमान टीम ने सीरीज भी अपने नाम कर ली है।

सीरीज पर कब्जा करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "मैं बेहद खुश हूं, खासकर जिस अंदाज में हमने आज जीत हासिल की। यह पूरी टीम का शानदार प्रदर्शन था और हर खिलाड़ी ने बेहतरीन योगदान दिया। अगर बल्लेबाजी की बात करें तो ईशान और तिलक ने कमाल की पारी खेली। उनके कुछ शॉट दर्शनीय थे। शुरुआत में मुझे लगा था कि 180 से 200 रन का स्कोर अच्छा रहेगा, लेकिन हमने 220 रन बना लिए, जो सोने पर सुहागा साबित हुआ। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी की। इसके बाद गेंदबाजों ने भी हमेशा की तरह अपनी लाइन और लेंथ पर सटीक गेंदबाजी की और विपक्षी टीम को 130 के आसपास समेट दिया। यही इस मैच की पूरी कहानी रही।"

युवा टीम के निडर रवैये पर कप्तान ने कहा, "क्रिकेट इसी अंदाज में खेलना चाहिए। मेरा मानना है कि सबसे अहम चीज आपका नजरिया है। पिछली पारियों या नतीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। हमेशा आगे बढ़ते रहना और वर्तमान पर ध्यान देना जरूरी है। जो भी मौका मिले, उसका पूरा फायदा उठाना चाहिए। कल एक और अवसर होगा और हम उसके लिए उत्साहित हैं।"

सीरीज का अंतिम मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा, जिसमें बदलाव की संभावना को लेकर कप्तान ने कहा, "आगे देखते हैं। अभी हमने कोई फैसला नहीं किया है और कोच से भी बात नहीं हुई है। दुर्भाग्य से हमारे एक खिलाड़ी (प्रिंस यादव) को चोट लग गई है, इसलिए टीम में एक-दो बदलाव हो सकते हैं।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story