'इस साल हमारी नजर ट्रॉफी पर है', एसआरएच के खिलाफ जीत के बाद बोले कप्तान श्रेयस अय्यर
न्यू चंडीगढ़, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने रविवार को पीसीए न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 17वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) पर 6 विकेट से जीत दिलाकर 19 साल के ट्रॉफी के सूखे को खत्म करने की नींव रख दी है।
श्रेयस अय्यर को 33 गेंदों में खेली गई 69 रनों की दमदार पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच के बाद उन्होंने कहा, "यह वह साल है जब हमारी नजर ट्रॉफी पर है। इसके लिए बहुत मेहनत करनी होगी।" एसआरएच से मिले 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने बेहतरीन शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े। प्रियांश-प्रभसिमरन ने पंजाब किंग्स की जीत की नींव रखी।
दो विकेट गिरने के बाद क्रीज पर उतरे कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्रीज पर आंखें जमाने के लिए समय लिया। हालांकि, सेट होने के बाद अय्यर ने रनों की गति को बढ़ाया और पंजाब किंग्स को जीत दिलाकर लौटे। उन्होंने कहा, "हमें जबरदस्त शुरुआत मिली। यह देखना शानदार था; ये एकदम सही क्रिकेटिंग शॉट्स थे।" मजबूत नींव मिलने के बावजूद अय्यर ने माना कि परिस्थितियां आसान नहीं थीं और इसके लिए धैर्य की जरूरत थी। उन्होंने आगे कहा, "यह आसान नहीं था। मुझे खुद को थोड़ा समय देना पड़ा, और शुक्र है कि यह काम कर गया।"
बीच के ओवरों में पंजाब किंग्स की लय थोड़ी बिगड़ गई थी, लेकिन अय्यर ने नेहल वढेरा के साथ मिलकर एक अहम साझेदारी की, और फिर शशांक सिंह के साथ मिलकर टीम ने सात गेंदें शेष रहते हुए ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। अभिषेक और हेड का विकेट लेने वाले शशांक की शानदार गेंदबाजी की तारीफ करते हुए अय्यर ने कहा, "हम सब एक साथ आए, और शशांक मेरे पास आए। मुझे ऐसे किसी गेंदबाज की जरूरत थी जो 120 की गति से गेंदबाजी करे। उन्होंने उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन किया। शशांक और उनकी सोच को सलाम।"
इससे पहले, अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की मजबूत शुरुआत की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने बोर्ड पर 219 रन बनाए थे। हालांकि, पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने पारी के दूसरे हाफ में वापसी करते हुए लक्ष्य को अपनी पहुंच में बनाए रखा। अय्यर ने आगे भी इसी अप्रोच को बनाए रखने की अहमियत पर जोर दिया। "हम आगे भी इसी लय को बनाए रखना चाहते हैं। हम सभी जानते हैं कि हमारे पास हुनर है। ओपनर्स को अपनी स्वाभाविक खेल शैली को रोकने की जरूरत नहीं है। यह हमारे लिए आसान है। हमारी काम करने की लगन जबरदस्त रही है। मैं बहुत खुश हूं। आपको हमेशा वर्तमान में रहना चाहिए। रिकी पोटिंग भी इस बात को बहुत अहमियत देते हैं।”
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली जीत के साथ पंजाब किंग्स के इस सीजन में अब तक अजेय बनी हुई है। पंजाब किंग्स के 4 मुकाबलों में 7 प्वाइंट्स हो गए हैं, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। 2025 की रनरअप टीम अब 16 अप्रैल को मुंबई के मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का सामना करेगी।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

