'इस खास पल के लिए आभारी हूं', परिवार संग पीएम मोदी से मुलाकात करने के बाद बोले सूर्यकुमार यादव
नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की टी20 टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सूर्यकुमार यादव ने इस मुलाकात को बेहद खास पल बताया है।
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस मुलाकात का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दिवाली का वातावरण और भी पावन और दिव्य हो गया है।" क्रिकेट के मैदान पर अपने शानदार प्रदर्शन के लिए मशहूर सूर्यकुमार ने गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया और उन्हें त्योहार की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सूर्यकुमार ने इस मुलाकात को लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ बिताया गया पल सचमुच बहुत सुखद और दिल को छू लेने वाला रहा। यह हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और उन मूल्यों की एक सुंदर याद है, जो हम सभी को एक साथ जोड़ते हैं। इस खास पल के लिए आभारी हूं। आप सभी को दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह त्योहार आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां और समृद्धि लेकर आए।"
इस साल की शुरुआत में 'आईएएनएस' से खास बातचीत में सूर्यकुमार ने देश के खेल इकोसिस्टम में आए बड़े बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी द्वारा खेलों को दिए गए मजबूत प्रोत्साहन को दिया था। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अब बहुत बड़ा है और जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा था कि भारत में खेल के बुनियादी ढांचे, अवसरों और सबसे महत्वपूर्ण बात—खेल को करियर के रूप में अपनाने के प्रति लोगों की सोच में बड़ा बदलाव आया है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में इस साल भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया था। टीम इंडिया ने खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराते हुए सफलतापूर्वक अपने खिताब का बचाव किया था। भारतीय टीम सूर्यकुमार की अगुवाई में अपनी सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी थी।
--आईएएनएस
एसएम/

