आईपीएल 2026: विराट कोहली का एक और बड़ा कारनामा, क्रिस गेल का तोड़ा रिकॉर्ड
मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत रविवार को मुंबई इंडियंस के साथ हो रही है। वानखेड़े के मैदान पर विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम को फिल साल्ट और विराट कोहली ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में ही 120 रन जोड़े। साल्ट के साथ की गई शतकीय साझेदारी के साथ ही कोहली ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। विराट टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी निभाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। साल्ट के साथ मिलकर विराट ने इस मुकाबले में 47वीं बार टी20 क्रिकेट में शतकीय साझेदारी जमाई। वहीं, गेल ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 46 बार शतकीय साझेदारी निभाई है। कोहली-गेल के बाद इस लिस्ट में बाबर आजम भी संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। उन्होंने भी 46 बार 100 रनों से अधिक की साझेदारी की है।
साल्ट और कोहली द्वारा की गई 120 रनों की साझेदारी आईपीएल में आरसीबी की तरफ से पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में आरसीबी की ओर से सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी करने का रिकॉर्ड फाफ डू प्लेसिस और कोहली के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2023 में 148 रनों की साझेदारी निभाई थी। साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग में साल्ट ने 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 6 छक्के लगाए।
इस मुकाबले के लिए आरसीबी ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। पिछले मैच में 4 ओवर में 44 रन देने के बाद जोश हेजलवुड को मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम में जगह नहीं दी गई है। हेजलवुड के स्थान पर जैकब डफी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, एमआई इस मुकाबले में दो बदलाव के साथ उतरी है। मिचेल सैंटनर अल्लाह गजनफर के स्थान पर टीम में लौट आए हैं, जबकि दीपक चाहर की जगह पर मुंबई इंडियंस ने एक अतिरिक्त स्पिरनर के तौर पर मंयक मारकंडे को खिलाया है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

