Samachar Nama
×

आईपीएल 2026: ग्रीन पर भारी पड़ी गिल की कप्तानी पारी, जीटी ने केकेआर को 5 विकेट से हराया

अहमदाबाद, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 5 विकेट से हराया। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर से मिले 181 रनों के लक्ष्य को जीटी ने 5 विकेट खोकर 19.4 ओवर में हासिल किया। यह केकेआर की इस सीजन में पांचवीं हार है।
आईपीएल 2026: ग्रीन पर भारी पड़ी गिल की कप्तानी पारी, जीटी ने केकेआर को 5 विकेट से हराया

अहमदाबाद, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 5 विकेट से हराया। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर से मिले 181 रनों के लक्ष्य को जीटी ने 5 विकेट खोकर 19.4 ओवर में हासिल किया। यह केकेआर की इस सीजन में पांचवीं हार है।

केकेआर से मिले 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने मिलकर 57 रन जोड़े। सुदर्शन 16 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद सुनील नरेन का शिकार बने। इसके बाद जोस बटलर और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 38 रन जोड़े। बटलर 15 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, कप्तान शुभमन गिल ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और अपना अर्धशतक पूरा किया।

गिल ने 50 गेंदों का सामना करते हुए 86 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में गिल ने 8 चौके और 4 छक्के लगाए। वॉशिंगटन सुंदर 13 रन ही बना सके। ग्लेन फिलिप्स 16 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। शाहरुख खान 3 और राहुल तेवतिया 7 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर की ओर से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि वैभव अरोड़ा और रमनदीप सिंह ने एक-एक विकेट निकाला।

इससे पहले, टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की पूरी टीम 180 रन बनाकर सिमटी। टीम की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी भी सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए। टिम सीफर्ट भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 14 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद कगिसो रबाडा की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को कैच देकर पवेलियन लौटे।

हालांकि, कैमरून ग्रीन ने एक छोर संभाले रखा और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन में अपना पहला अर्धशतक लगाया। ग्रीन ने 55 गेंदों का सामना करते हुए 79 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ग्रीन ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, ग्रीन को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। रोवमैन पॉवेल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 20 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।

अनुकूल रॉय 9 रन बनाकर चलते बने, जबकि रिंकू सिंह एक रन ही बना पाए। रमनदीप सिंह ने 17 रनों का योगदान दिया। गुजरात टाइटंस की तरफ से गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा ने दो-दो निकाले। राशिद खान और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट झटका। यह गुजरात टाइटंस की इस सीजन की तीसरी जीत है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags