आईपील 2026: गिल-सुदर्शन की दमदार पारी, जीटी ने 4 विकेट खोकर बनाए 229 रन
जयपुर, 9 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत शनिवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) से हो रही है। सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 229 रन लगाए।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत शानदार रही। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 118 रनों की अहम साझेदारी निभाई। सुदर्शन 36 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में सुदर्शन ने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। जोस बटलर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 13 रन बनाकर रवींद्र जडेजा का शिकार बने।
शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 190 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 84 रन बनाए। गिल ने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। जेसन होल्डर सिर्फ 7 रन ही बना सके। अंत के ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 11 गेंदों में 24 रनों की साझेदारी निभाई।
सुंदर ने महज 20 गेंदों में 37 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, तेवतिया ने सिर्फ 4 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से नाबाद 14 रन बनाए। गेंदबाजी में राजस्थान रॉयल्स की ओर से बृजेश शर्मा ने 47 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि यश राज और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट निकाला।
यशस्वी जायसवाल की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, बृजेश शर्मा और यशराज पुंजा के साथ खेल रही है।
गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में शुभमन गिल की अगुवाई में साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज के साथ मैदान पर उतरी है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

