आईपीएल 2026: गिल-बटलर की फिफ्टी, जीटी ने एलएसजी को 7 विकेट से हराया
लखनऊ, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 19वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
यह आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की चार मुकाबलों में दूसरी जीत रही। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है। वहीं, 4 में से 2 मुकाबले गंवाकर लखनऊ सुपर जायंट्स छठे स्थान पर है।
रविवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए। टीम ने 14 के स्कोर पर मिचेल मार्श (11) का विकेट खो दिया था। यहां से एडेन मार्करम ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ दूसरे विकेट के लिए 16 गेंदों में 31 रन जोड़े।
पंत 11 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद मार्करम ने आयुष बडोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े।
बडोनी 9 रन, जबकि मार्करम 21 गेंदों में 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद निकोलस पूरन ने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 गेंदों में 35 रन जुटाए। पूरन ने टीम के खाते में 19 रन का योगदान दिया, जबकि समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन जुटाए।
विपक्षी खेमे से प्रसिद्ध कृष्णा ने 28 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि अशोक शर्मा ने 2 विकेट निकाले। कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
इसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। सलामी जोड़ी के रूप में साई सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की।
सुदर्शन 14 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद जोस बटलर ने गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 84 रन की साझेदारी की। गिल 40 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बटलर ने 37 गेंदों में 11 चौकों के साथ 60 रन जुटाए।
टीम ने 135 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 21) ने राहुल तेवतिया (नाबाद 10) के साथ चौथे विकेट के लिए 18 गेंदों में 30 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 8 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से मोहम्मद सिराज, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
--आईएएनएस
आरएसजी

