कोलंबो टेस्ट में भारत का दबदबा, जुरेल का शतक और पंत की जुझारू पारी के बाद श्रीलंका पर बढ़ा दबाव
कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है। दूसरे दिन भारत ने ध्रुव जुरेल के शानदार शतक और ऋषभ पंत की जुझारू पारी के दम पर पहली पारी में 503/9 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को शुरुआती झटके देते हुए 8 रन पर 2 विकेट हासिल कर लिए। अब मंगलवार यानी आज मुकाबले का तीसरा दिन है और श्रीलंका की टीम भारत के विशाल स्कोर के दबाव में अपनी पहली पारी आगे बढ़ाएगी।
जुरेल ने जड़ा शानदार शतक
ध्रुव जुरेल भारत की पहली पारी के सबसे बड़े स्टार रहे। उन्होंने 177 गेंदों पर नाबाद 115 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। यह जुरेल के टेस्ट करियर का दूसरा शतक और विदेश में पहला टेस्ट शतक है। जुरेल उस समय 99 रन पर अटक गए थे और बारिश के कारण उनका इंतजार और बढ़ गया। आखिरकार उन्होंने मिड-ऑफ की तरफ शॉट खेलकर जोखिम भरा रन लिया और अपना शतक पूरा किया। उनके शतक के साथ भारतीय ड्रेसिंग रूम में भी जमकर जश्न मनाया गया।
पंत ने चोट के बावजूद दिखाया दम
ऋषभ पंत ने भी चोट के बावजूद शानदार बल्लेबाजी की। पहले दिन चोट लगने के बाद उन्हें 3 रन पर रिटायर होना पड़ा था, लेकिन दूसरे दिन उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी करते हुए 89 गेंदों पर 63 रन की तेजतर्रार पारी खेली। पंत और जुरेल ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि, दिन का खेल खत्म होने के बाद जुरेल ने बताया कि पंत के दाएं कंधे में दर्द है। इसी वजह से भारत की गेंदबाजी के दौरान जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। पंत की फिटनेस पर अब तीसरे दिन सभी की नजर रहेगी।
पडिक्कल ने भी लगाया शतक
भारत की मजबूत बल्लेबाजी की नींव देवदत्त पडिक्कल ने रखी। उन्होंने 117 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा कप्तान शुभमन गिल ने 50 और रविंद्र जडेजा ने 43 रन का योगदान दिया। भारत ने 503/9 के स्कोर पर पारी घोषित कर श्रीलंका को बल्लेबाजी के लिए उतारा।
श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब
503 रन के जवाब में श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने सिर्फ 8 रन के स्कोर पर उसके दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।लाहिरू उदारा सिर्फ 1 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार हुए, जबकि प्रभात जयसूर्या को मानव सुथार ने 2 रन पर LBW आउट किया। मिशारा 5 रन बनाकर नाबाद हैं।
तीसरे दिन बारिश बन सकती है विलेन
कोलंबो में मंगलवार को बारिश की संभावना भी मुकाबले के लिए चिंता का विषय है। मौसम खराब रहने पर खेल प्रभावित हो सकता है। ऐसे में भारत की कोशिश होगी कि श्रीलंका को जल्द से जल्द ऑलआउट कर मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत की जाए।भारत पहले ही सीरीज में बढ़त बनाए हुए है और दूसरे टेस्ट में भी टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है। ऐसे में तीसरा दिन मुकाबले की दिशा तय करने के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है।

