Samachar Nama
×

लॉर्ड्स में 51 साल बाद चमका भारतीय स्पिनर, वॉशिंगटन सुंदर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

लॉर्ड्स में 51 साल बाद चमका भारतीय स्पिनर, वॉशिंगटन सुंदर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
लॉर्ड्स में 51 साल बाद चमका भारतीय स्पिनर, वॉशिंगटन सुंदर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

भारतीय ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने लॉर्ड्स टेस्ट के चौथे दिन शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने महज 22 रन देकर इंग्लैंड के चार बल्लेबाजों को आउट किया। कप्तान शुभमन गिल अंत में सुंदर को गेंदबाजी के लिए लाए। सुंदर ने अपने तीसरे ओवर में ही भारत को बड़ी सफलता दिलाई। सुंदर ने पहली पारी में शतक जड़ने वाले जो रूट को बोल्ड किया। रूट पिच पर जम गए और 40 रनों की पारी खेली।

स्टोक्स और स्मिथ भी आउट

जो रूट को आउट करने के बाद, वाशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का भी विकेट लिया। वह भी बोल्ड हो गए। इस सीरीज में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले जेमी स्मिथ के पास भी सुंदर की गेंद का कोई जवाब नहीं था। स्मिथ सिर्फ 8 रन ही बना सके। सुंदर ने इंग्लैंड के आखिरी बल्लेबाज शोएब बशीर को बोल्ड कर पारी का अंत किया। इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 192 रन बनाए।

54 साल बाद भारतीय स्पिनर के चार विकेट

पिछले 54 सालों में कोई भी भारतीय स्पिनर लॉर्ड्स के मैदान पर चार विकेट नहीं ले पाया है। इस दौरान अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, आर. अश्विन और रवींद्र जडेजा जैसे स्पिनर इस मैदान पर टेस्ट खेल चुके हैं। 1971 में यहाँ खेले गए टेस्ट में श्रीनिवास वेंकटराघवन और बिशन सिंह बेदी ने 4-4 विकेट लिए थे। अब वाशिंगटन सुंदर ने यह उपलब्धि हासिल कर ली है। इन तीनों के अलावा, वीनू मांकड़ और बी.एस. चंद्रशेखर ही ऐसे भारतीय स्पिनर हैं जिन्होंने लॉर्ड्स मैदान पर एक पारी में चार या उससे ज़्यादा विकेट लिए हैं।

135 रन बनेंगे या 6 विकेट गिरेंगे?

लॉर्ड्स मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा टेस्ट रोमांचक हो गया है। मैच की आखिरी पारी में भारत को जीत के लिए 193 रनों का लक्ष्य मिला था। चौथे दिन स्टंप्स तक भारत का स्कोर 4 विकेट पर 58 रन था। टीम को जीत के लिए 135 रनों की और ज़रूरत है। वहीं, इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 6 विकेट चाहिए।

Share this story

Tags