Samachar Nama
×

India vs Afghanistan 2nd T20: संजू-अभिषेक ने उड़ाया गर्दा, 15वें ओवर में जीता भारत, सीरीज पर 2-0 से कब्जा
 

India vs Afghanistan 2nd T20: संजू-अभिषेक ने उड़ाया गर्दा, 15वें ओवर में जीता भारत, सीरीज पर 2-0 से कब्जा

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम ने 14.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
भारत की जीत में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की तेज शुरुआत ने अहम भूमिका निभाई. संजू ने 22 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 19 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली.

पावरप्ले में ही भारत ने बना दिया दबाव
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. अफगानिस्तान ने भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम लगाने के लिए दोनों छोर से स्पिन गेंदबाजों को लगाया, लेकिन संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तेजी से रन बनाकर इस रणनीति को बेअसर कर दिया.
भारत ने पावरप्ले के छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 82 रन बना दिए. दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की और भारत की जीत की नींव रख दी.
20 गेंदों में संजू का अर्धशतक
संजू सैमसन ने अपनी पारी के दौरान महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. खास बात यह रही कि शुरुआत में वह धीमे नजर आए और 10 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बना सके. इसके बाद उन्होंने तेजी से रन बटोरे और अगली 12 गेंदों पर 49 रन ठोक दिए.
संजू ने कुल 22 गेंदों में 57 रन बनाए. उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को रन चेज में काफी आगे पहुंचा दिया.

अभिषेक ने भी खेली तेज पारी
दूसरे छोर पर अभिषेक शर्मा ने भी अपने अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने महज 19 गेंदों में 39 रन बनाए. अभिषेक की पारी में 2 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
हालांकि सातवें ओवर में 88 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा. इसके बाद इसी ओवर में 99 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट भी गिर गया. दोनों ओपनर्स के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 11 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हो गए.
ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पूरा किया काम
तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने पारी को संभाला और अंत तक नाबाद रहे. उन्होंने 23 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे.
उपकप्तान तिलक वर्मा ने भी उनका साथ दिया. तिलक 14 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों ने मिलकर भारत को 14.5 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया.
नितीश कुमार रेड्डी ने गेंदबाजी में किया कमाल

इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे. कप्तान इब्राहिम जादरान ने 37 रन की पारी खेली, जबकि राशिद खान ने 28 रन बनाए. मोहम्मद नबी ने 20 और दारविश रसूली ने 26 रन का योगदान दिया.

अफगानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज बिना खाता खोले आउट हुए. सेदिकुल्लाह अटल ने 12, गुलबदीन नैब ने 10 और अजमतुल्लाह ओमरजई ने 11 रन बनाए.
भारत की ओर से नितीश कुमार रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए. उनकी गेंदबाजी के दम पर भारत ने अफगानिस्तान को 159 रन पर रोक दिया.
2-0 से भारत ने जीती सीरीज
इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. पहले मुकाबले में जीत के बाद दूसरे मैच में भी भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया. अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला औपचारिकता भर रह गया है.
 

Share this story

Tags