Samachar Nama
×

India-Pakistan Cricket: भारत-पाकिस्तान के फैंस के लिए बड़ी खबर, फिर आमने-सामने आ सकती हैं टीमें; ट्राई सीरीज का प्रस्ताव तैयार
 

India-Pakistan Cricket: भारत-पाकिस्तान के फैंस के लिए बड़ी खबर, फिर आमने-सामने आ सकती हैं टीमें; ट्राई सीरीज का प्रस्ताव तैयार

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले का इंतजार करने वाले फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। अब एक बार फिर भारत और पाकिस्तान को एक ही मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में उतारने के विकल्प पर चर्चा होने की खबर है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) एक ऐसी बहुपक्षीय सीरीज या टूर्नामेंट के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है, जिसमें भारत और पाकिस्तान दोनों हिस्सा लें। इसके तहत ट्राई सीरीज या चार टीमों वाला टूर्नामेंट आयोजित किए जाने का विकल्प सामने आया है।


2012-13 में हुई थी आखिरी द्विपक्षीय सीरीज
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज 2012-13 में खेली गई थी। इसके बाद दोनों टीमें सिर्फ एशिया कप, वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप जैसे बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने आती रही हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड लंबे समय से न्यूट्रल वेन्यू पर भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट शुरू करने की मांग करता रहा है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से द्विपक्षीय सीरीज को लेकर लगातार अलग रुख रहा है।


ICC सेमिनार से पहले बन रहा है प्लान?
रिपोर्ट के अनुसार, 22 और 23 सितंबर को ICC के फ्यूचर्स टूर प्रोग्राम (FTP) से जुड़ा सेमिनार होना है। इसी बैठक से पहले भारत-पाकिस्तान को शामिल करते हुए मल्टी-नेशन सीरीज के विकल्प पर चर्चा की जा सकती है।
इस सेमिनार में ICC के सभी फुल मेंबर देशों के अलावा आठ एसोसिएट सदस्य भी हिस्सा लेने वाले हैं। ऐसे में क्रिकेट के भविष्य के शेड्यूल को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा संभव है।


UAE, ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड में हो सकता है आयोजन
अगर ट्राई सीरीज या चार टीमों के टूर्नामेंट के प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो इसके लिए किसी न्यूट्रल वेन्यू का चयन किया जा सकता है। रिपोर्ट में यूएई, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसे देशों को संभावित आयोजन स्थलों के तौर पर बताया गया है।
भारत और पाकिस्तान की मौजूदगी वाले मुकाबलों से ब्रॉडकास्टिंग राइट्स और कमर्शियल रेवेन्यू बढ़ने की उम्मीद भी इस प्रस्ताव की एक बड़ी वजह बताई जा रही है।


पाकिस्तान और बांग्लादेश भी कर चुके हैं मांग
पाकिस्तान के साथ-साथ बांग्लादेश भी भारत के साथ ट्राई सीरीज खेलने की इच्छा जता चुका है। हालांकि, ICC पहले स्पष्ट कर चुका है कि किसी देश को किसी खास टीम के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए मजबूर करना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। द्विपक्षीय क्रिकेट को लेकर फैसला संबंधित क्रिकेट बोर्डों पर निर्भर करता है।


ऐसे में मल्टी-नेशन टूर्नामेंट का फॉर्मेट भारत और पाकिस्तान को एक साथ लाने का एक अलग रास्ता बन सकता है।


द्विपक्षीय सीरीज पर भारत का रुख साफ
भारत सरकार की ओर से पहले भी कहा जा चुका है कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेली जाएगी, हालांकि भारत अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं और उनके नियमों का पालन करेगा।
यही वजह है कि दोनों टीमें एशिया कप और वर्ल्ड कप जैसे बहुपक्षीय टूर्नामेंट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलती रही हैं। अब अगर ट्राई सीरीज या चार देशों के टूर्नामेंट का प्रस्ताव आगे बढ़ता है, तो क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने का मौका मिल सकता है।
फिलहाल यह प्रस्ताव चर्चा के स्तर पर है और इसे लेकर अंतिम फैसला होना बाकी है।
 

Share this story

Tags