भारत ए हॉकी टीम ने आयरलैंड को 6-0 से चटा दी धूल, लगातार हासिल की दूसरी जीत
भारत ए पुरुष हॉकी टीम ने यूरोपीय दौरे पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हॉकी क्लब ऑरेंज रोड पर आयरलैंड को 6-0 से हरा दिया। यह भारत ए की आयरलैंड पर लगातार दूसरी जीत थी, जिसे उन्होंने दौरे के पहले मैच में 6-1 से हराया था।
भारत ए के लिए उत्तम सिंह ने पहला गोल किया, जिसके बाद कप्तान संजय ने स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद मिडफील्डर मोहम्मद राहिल मौसिन ने लगातार दो गोल दागे। अमनदीप लाकड़ा और वरुण कुमार ने एक-एक गोल किया।
भारतीय टीम अगले शनिवार को फ्रांस के खिलाफ खेलेगी। भारतीय कोच शिवेंद्र सिंह ने कहा कि टीम फ्रांस के खिलाफ मैच में भी आयरलैंड के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहेगी।
उन्होंने कहा, "आयरलैंड के खिलाफ हमारे दोनों मैच वाकई अच्छे रहे हैं और मैं खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश हूँ। अब हमारा सामना फ्रांस से होगा और मुझे उम्मीद है कि हमारी टीम अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखेगी।"
आयरलैंड और फ्रांस के अलावा, भारत अपने दो हफ्ते के यूरोपीय दौरे पर इंग्लैंड, बेल्जियम और मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ भी खेलेगा।

